उत्तराखंड की बेटी महक चौहान का उज्बेकिस्तान में दिखा जलवा

कासा सेवन साइड महिला रग्बी टूर्नामेंट में रही सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

भारतीय महिला रग्बी टीम ने खिताब नहीं खेलप्रेमियों का दिल जीता

खेलपथ संवाद

रुड़की, हरिद्वार (उत्तराखंड)। ताशकंद, उज्बेकिस्तान में आयोजित प्रतिष्ठित कासा सेवन साइड महिला रग्बी टूर्नामेंट में उत्तराखंड की होनहार खिलाड़ी एवं भारतीय महिला रग्बी टीम की सदस्य महक चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” का खिताब अपने नाम किया। यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड और भारत के लिए गर्व और गौरव का विषय है।

महक चौहान ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक नौ ट्राई स्कोर किए और टीम की सबसे सफल स्कोरर रहीं। उनकी तेज रफ्तार, दमदार फिटनेस, शानदार आक्रमण और बेहतरीन खेल कौशल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी को प्रभावित किया।

भारतीय महिला रग्बी टीम ने प्रतियोगिता में संघर्षपूर्ण और सराहनीय प्रदर्शन किया। हालांकि टीम पदक जीतने से चूक गई, लेकिन खिलाड़ियों ने अपने खेल से भविष्य के लिए मजबूत उम्मीदें जगाई हैं। यह टूर्नामेंट भारतीय महिला रग्बी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव साबित हुआ, जो आने वाले समय में टीम को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगा।

महक चौहान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महक चौहान को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी, उपाध्यक्ष हिमांशु सैनी, फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह, साहिल नेगी एवं सानू सैनी ने महक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड में रग्बी खेल को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

रिलेटेड पोस्ट्स