हरियाणा की बेटियों ने नंदनी नगर में दिखाया दम
ओपन सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती में जीते 21 मेडल
मेजबान उत्तर प्रदेश के खाते में आए तीन मेडल
खेलपथ संवाद
गोंडा (उत्तर प्रदेश)। गोंडा जिले के नंदनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय ओपन सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैम्पियनशिप का देर रात समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में देशभर के 28 राज्यों से 300 से ज्यादा महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में हरियाणा की महिला पहलवानों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। हरियाणा की बेटियों ने सबसे ज्यादा 6 गोल्ड, 8 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पहला स्थान हासिल किया।
उत्तर प्रदेश की टीम ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि महाराष्ट्र और दिल्ली को भी गोल्ड मेडल मिले। दिल्ली की टीम ने एक ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किया। 50 किलो भार वर्ग में हरियाणा की अंकुश ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि रचना दूसरे और प्रवीण तीसरे स्थान पर रहीं। 53 किलो वर्ग में हरियाणा की निशु ने पहला, हिमांशी ने दूसरा और तनु ने तीसरा स्थान हासिल किया। 55 किलो वर्ग में हरियाणा की निशा ने गोल्ड, नैना ने सिल्वर और दिल्ली की तनिष्का ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। 57 किलो वर्ग में हरियाणा की रीना पहले स्थान पर रहीं, जबकि यूपी की काजल चौधरी दूसरे और हरियाणा की शिवानी तीसरे स्थान पर रहीं।
59 किलो वर्ग में हरियाणा की सीटो ने पहला और सिमरन ने दूसरा स्थान हासिल किया। 62 किलो वर्ग में महाराष्ट्र की वैष्णवी दिलीप पाटिल ने गोल्ड मेडल जीता। 68 किलो वर्ग में हरियाणा की अंशु ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 72 किलो वर्ग में दिल्ली की बिपाशा विजेता रहीं। 76 किलो वर्ग में यूपी की इतिशा चौधरी ने गोल्ड मेडल जीता। अंक तालिका में हरियाणा ने 230 पॉइंट के साथ पहला स्थान हासिल किया। यूपी 104 पॉइंट के साथ दूसरे और दिल्ली 101 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में हरियाणा की खिलाड़ियों का दबदबा सबसे ज्यादा देखने को मिला।
