महक चौहान की उपलब्धि से उत्तराखंड गौरवान्वित
देवभूमि की बेटी का भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयन
खेलपथ संवाद
रुड़की, हरिद्वार (उत्तराखंड)। उत्तराखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी महक चौहान का भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयन हुआ है। महक अब भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 16–17 मई 2026 को ताशकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s चैम्पियनशिप में अपना दमखम दिखाते हुए देश को गौरवान्वित करेगी।
महक चौहान इससे पहले भी अंडर-18 भारतीय टीम एवं अंडर-20 भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं तथा ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर चुकी हैं। अब उनका चयन सीनियर भारतीय टीम में होने से पूरे प्रदेश और उत्तराखंड रग्बी परिवार में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
उत्तरकाशी की रहने वाली महक चौहान ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन चुका है। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी एवं फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने महक चौहान को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पूरा उत्तराखंड रग्बी परिवार महक चौहान की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
