जसप्रीत बुमराह के साथ बैठो, उससे ब्रेक का पूछो
फिर रहे खाली हाथ तो मुंबई इंडियंस को मिली सलाह
इस सीजन के छठे मैच में पहला विकेट मिला
खेलपथ संवाद
मुम्बई। जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में लगातार चर्चा और चिंता का विषय बना हुआ है। वे इस सीजन मुंबई इंडियंस की तरफ से 10 मैच खेले हैं और इनमें से सात में विकेट नहीं निकाल पाए। 4 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में भी वे खाली हाथ रहे। उन्होंने चार ओवर फेंके और 45 रन खर्च किए। इसके बाद मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइज को सलाह मिली है कि बुमराह के साथ बैठकर बात की जाए और उनसे पूछा जाए कि क्या ब्रेक की जरूरत है।
बुमराह पिछले छह महीने से लगातार खेल रहे हैं। वे आईपीएल से टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा भी थे। इस टूर्नामेंट में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया था लेकिन आईपीएल में वे थके हुए से दिख रहे। उनकी स्पीड में भी गिरावट दिखी है और बल्लेबाज बड़े आराम से उनके सामने बड़े शॉट लगा रहे हैं। भारत की पूर्व क्रिकेटर वेदा कृष्णामूर्ति और टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगर का कहना है कि मुंबई मैनेजमेंट को बुमराह से बात करनी चाहिए।
वेदा ने ESPNcricinfo से बातचीत में कहा, 'हम ऐसी स्थिति में हैं जहां पर मैनेजमेंट या कोच या कप्तान सूर्या (सूर्यकुमार यादव) उसके (बुमराह) करीब हैं। वह स्क्वॉड का उपकप्तान है। रोहित (शर्मा) भी वहां हैं। वे ईमानदारी से साथ में बैठकर बात कर सकते हैं। उनसे पूछ सकते हैं कि क्या अंदर से 100 फीसदी खेलने का मन है, क्या एक या दो मैचों में आराम की जरूरत है जिससे कि वह तरोताजा होकर खेलने को वापस आ सके। इस बारे में उनसे बात करनी चाहिए और उम्मीद रखनी चाहिए कि वह ईमानदारी से जवाब देंगे।' वेदा ने आगे कहा, 'अगर वह कहते हैं कि नहीं मैं ठीक हूं, मैं खेलूंगा तब शायद आपको उनका बेहतर खेल देखने को मिले। तब वह पहले से भी ज्यादा जोर लगाएंगे। एक ईमानदार बातचीत की जरूरत है जिससे कि आश्वस्त हुआ जा सके। मुझे लगता है कि ऐसा करना चाहिए।'
बांगर ने सुझाव दिया कि मुंबई को बिना बुमराह के खेलने की तैयारी करनी चाहिए और इस सीजन के खराब जाने का जोखिम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'यह भी देखना चाहिए कि कोच और मैनेजमेंट क्या सोचता है। कोचिंग के नजरिए से अगर मुंबई बिना बुमराह के खेलने को तैयार है, अगर मुंबई इस सीजन नीचे रहने का जोखिम उठाने को तैयार है तो मुझे लगता है कि बुमराह बाकी बचे मैचों में नहीं खेलने का फैसला कर सकते हैं।'
