ऑल इंडिया टेनिस बॉल क्रिकेट में उत्तर प्रदेश का फहरा परचम

पुरुष और महिला टीमों का बेजोड़ प्रदर्शन, जीतीं विजेता ट्रॉफी

पुरुष वर्ग में उत्तराखंड तो महिला वर्ग में तमिलनाडु रहे उपविजेता

खेलपथ संवाद

हरिद्वार,( उत्तराखंड)। उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ज्वालापुर इंटर कॉलेज में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस बॉल क्रिकेट चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश को दोहरी खुशी मिली। पुरुष वर्ग के फाइनल में उत्तर प्रदेश ने मेजबान उत्तराखंड तो महिला वर्ग में यूपी की बेटियों ने तमिलनाडु को शिकस्त देकर खिताबी जश्न मनाया। चैम्पियनशिप में मुस्कान महिला वर्ग तो ऋतिक पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन दोनों फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें उत्तर प्रदेश चैम्पियन रहा। उत्तर प्रदेश की टीम ने उत्तराखंड को हराकर खिताब जीता। मेजबान को उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा। तीसरा स्थान तमिलनाडु की टीम ने हासिल किया। महिलाओं के फाइनल में यूपी की बेटियों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु के अरमानों पर पानी फेरा। ऑल इंडिया इंडस्ट्रीज बोर्ड की टीम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

मुख्य अतिथि श्यामवीर सैनी दर्ज़ा प्राप्त राज्यमंत्री ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। श्री सैनी ने कहा कि आज खेलों में भी कैरियर बनाने के अवसर हैं। कोई भी खिलाड़ी लगन और मेहनत से सफलता के शिखर पर पहुंच सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने का काम करें।

उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि, समस्त खिलाड़ियों और देश के विभिन्न प्रदेशों से आये पदाधिकारियों का अभिवादन किया और उत्तराखंड की देवभूमि में पधारने के लिए धन्यवाद दिया। चैम्पियनशिप के संचालन में डॉक्टर गंगाधरैया, पी. ज्ञानावेल, निखिलेश गौड़, अब्दुल रहमान, वसीउल्लाह ख़ान, असलम वारसी, भारत भूषण, गुलाब सिंह आदि का सहयोग रहा। समापन समारोह का संचालन अमजद उस्मानी ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स