वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों के सम्मान में खेली गई तीन मैचों की सीरीज
बालिकाओं को किट की व्यवस्था कराएंगे सीनियर हॉकी खिलाड़ी
मारिया फरहत ने किया वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों के निर्णय का स्वागत
खेलपथ संवाद
रामपुर। खिलाड़ी ही खिलाड़ी का भला कर सकता है। इस बात को सही साबित करने के लिए शहीद ए आज़म स्पोर्ट्स स्टेडियम रामपुर में वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों के सम्मान में तीन मैचों की सीरीज खेली गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सौलत अली खान ने कहा कि एक दिन यही होनहार खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगी। इस अवसर पर सीनियर खिलाड़ियों ने बालिका खिलाड़ियों को किट की व्यवस्था करने का भरोसा दिया।
हॉकी को बढ़ावा देने के लिए रामपुर के शहीद ए आज़म स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर 14 हॉकी बालिका और वरिष्ठ नामवर हॉकी खिलाड़ियों के बीच तीन मैचों की सीरीज खेली गई। इन हॉकी मुकाबलों का बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने लुत्फ उठाया। सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों ने 3-2 की जीत के साथ विजेता ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया।
फ़रहत अली खान हॉकी कोच ने कहा ऐसी खेलों की सीरीज से खिलाड़ियों में आपस में पहचान और वरिष्ठ खिलाड़ियों से हॉकी प्रेम के साथ साथ सीखने को मिलता है। सभी सीनियर खिलाड़ियों ने एक बालिका को स्पॉन्सर्ड करने निर्णय लिया, जोकि सराहनीय कदम है। इस अवसर पर वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी वसीम खान ने एक हजार और आसिम खान ने पांच सौ रुपए का ईनाम देकर हौसला बढ़ाया।
इन मुकाबलों में वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों में उस्मान अली खान, जुनेद, फ़रीद उर रहमान खान, शहज़ाद खान, अय्यूब खान, वसीम खान पूर्व सभासद शननी खान, पूर्व सभासद सलीम मुहम्मद खान, चमन खान, शानू खान, महवत अली खान, मुख़्तार खान, आसिम खान, आईए खान, सौरभ कुमार, राजू सैनी, अमर सिंह आदि ने दमखम दिखाया। बालिका टीम की तरफ से कशिश, रविश, रोशनी, आंचल, शीतल, गुंजन, माही, नविता, किरन, सिमरन, मशीयत फातिमा, मलली, परी, निशा, खुशी, संजीवनी ने जौहर दिखाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सोलत अली खान तथा भाजपा महिला मोर्चा रामपुर की उपाध्यक्ष मारिया फरहत, क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार और पूर्व ओलम्पियन आरएस रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सोलत अली खान ने हॉकी बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यही बेटियां एक दिन देश का नाम रोशन करेंगी।
