चेन्नई में हावरंग अकादमी 20 स्वर्ण के साथ बनी ओवरऑल चैम्पियन

हावरंग अकादमी ने रचा इतिहास, चेन्नई जिला ताइक्वांडो में प्रथम स्थान

खेलपथ संवाद

चेन्नई। हावरंग अकादमी ने चेन्नई जिला ताइक्वांडो चैम्पियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन होने का गौरव हासिल किया। इस प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए कुल 20 स्वर्ण, 13 रजत एवं 10 कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में कुल 42 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

यह प्रतियोगिता चेन्नई में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने क्योरुगी एवं पूमसे दोनों वर्गों में भाग लिया। हावरंग अकादमी के खिलाड़ियों ने हर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। इस अवसर पर चैम्पियनशिप में कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। डॉ. अशोक कुमार लेंका, राष्ट्रीय सचिव, वेटरंस इंडिया  मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सिद्देश्वरन (सचिव, टीएटी), डॉ. एम.एस. बास्कर (सहायक पुलिस आयुक्त) तथा सेबेस्टियन जेवियर (ओलम्पियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता) भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस उपलब्धि के पीछे अकादमी की मजबूत नेतृत्व टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम का नेतृत्व प्रबंधक कलिंगा कुमार लेंका, मुख्य कोच आर्यन कुमार लेंका तथा पूमसे कोच तनुश्री ने किया। सहायक कोच आकाश, हर्षी और लोकप्रदीप तथा सहयोग टीम मृदुला, उदित एवं तेजस ने भी खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। संपूर्ण प्रबंधन की जिम्मेदारी किरुबाकरन ने संभाली।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में साक्षी तिवारी, नक्ष, मानविक महापात्र, अर्शिया गुप्ता, आरव सोलंकी, निधार्शना, रावुला नेत्रा, धियाधर्शिनी, अर्नव झा, अभिषेक राज, कृषांग सिंह चौहान, संजीत, कोमल सोलंकी, दिप्तांशु राज, लिंसी टीना, संजय, सुमायरा कौसर, शांथोष, मंजुनाथ, मृदुला, लोकप्रदीप, मारिया फ्लोरिथा, तेजस्वी गुप्ता, उदित यादव, हर्षिणी एवं आर्यन कुमार लेंका शामिल रहे। अकादमी के पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। “राष्ट्र भक्ति खेल से शक्ति” के संदेश के साथ हावरंग अकादमी भविष्य में भी इसी प्रकार देश का नाम रोशन करती रहेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स