के.डी. हॉस्पिटल के चिकित्सा शिविरों में हजारों ग्रामीण लाभान्वित

आझई खुर्द, जाचौंदा, पानीगांव, बरारी में चिकित्सकों ने दीं विशेषज्ञ सेवाएं

मथुरा। जनपद मथुरा के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस समय के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर द्वारा गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। विगत दिवस नेशनल मेडिकल आर्गनाइजेशन की पहल पर उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आझई खुर्द, जाचौंदा, पानीगांव, बरारी आदि गांवों में लगाए गए चिकित्सा शिविर में हजारों ग्रामीण लाभान्वित हुए। इतना ही नहीं स्वास्थ्य शिविर में तीन हजार से अधिक ग्रामीणों ने पंजीयन कराकर अपनी बीमारी के संबंध में विशेषज्ञ चिकित्सकों के परामर्श लिया।

मथुरा जनपद के गांवों में लगाए गए शिविर में मरीजों ने आवश्यतानुसार मुफ़्त जाँचें करवाईं तथा निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं। शिविर में ग्रामीणों को एक ही परिसर में स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से खुशी का माहौल देखा गया। शिविर में केडी हॉस्पिटल के दर्जनों विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ग्रामीणों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया। चिकित्सा शिविर की जानकारी देते हुए डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि मथुरा जनपद के गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य लाभ देने की खातिर के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर प्रबंधन द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए।

उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि शिविर में चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी गईं। डॉ. सिंह ने ग्रामीणों को समझाया कि वे किसी भी बीमारी का सम्पूर्ण इलाज कराएं तथा इलाज बीच में नहीं छोड़ें। समय-समय पर डॉक्टर को दिखाएं एवं उनकी सलाह अनुसार ही दवाईयां लें। बीमारी होने पर घबरायें एवं छुपायें नहीं, विज्ञान की प्रगति से आज के समय में हर बीमारी का उपचार सम्भव है। डॉ. अंकुश सिंह और डॉ. बासु गुप्ता (पीजी) ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में 16 विशेषज्ञ चिकित्सकों, 12 टेक्नीशियनों तथा 20 से अधिक मेडिकल छात्र-छात्राओं ने सेवाएं दीं। शिविर में ग्रामीणों की बीपी, शुगर, शरीर दर्द, बुखार आदि की जांचें निःशुल्क की गईं।

डॉ. गौरव सिंह का कहना है कि आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल तथा केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के चेयरमैन मनोज अग्रवाल के सेवाभावी प्रयासों के चलते ही इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का लाभ ब्रजवासियों को मिल रहा है। के.डी. हॉस्पिटल द्वारा लगाए गए निःशुल्क चिकित्सा शिविरों की ग्रामीणों ने प्रशंसा की तथा कहा कि क्षेत्र में बहुत से ऐसे लोग हैं जो पैसे के अभाव में अपना इलाज नहीं करवा पाते हैं, ऐसे लोगों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं है।

चेयरमैन मनोज अग्रवाल का कहना है कि के.डी. हॉस्पिटल का उद्देश्य हर पीड़ित को अच्छी व बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना है। हम चाहते हैं कि ब्रज के किसी पीड़ित को उपचार के लिए महानगरों की तरफ न भागना पड़े। श्री अग्रवाल का कहना है चिकित्सा सेवा सबसे बड़ी मानवीय सेवा है लिहाजा ब्रज क्षेत्र को निरोगी रखने के लिए समय-समय पर के.डी. हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता है।

चित्र कैप्शनः मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ चिकित्सक।

रिलेटेड पोस्ट्स