एलिवेट्स इंडिया राजीव एकेडमी के विद्यार्थियों को देगी इंडस्ट्री एक्सपोजर

कौशल विकास, इंडस्ट्री ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट बढ़ोत्तरी को किया अनुबंध

मथुरा। बदलते समय में केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही पर्याप्त नहीं रह गई है बल्कि छात्र-छात्राओं के लिए व्यावहारिक अनुभव और इंडस्ट्री से सीधा जुड़ाव भी उतना ही आवश्यक हो गया है। इसी सोच को साकार करने के लिए राजीव एकेडमी फार टेक्नालॉजी एण्ड मैनेजमेंट ने एलीवेट्स इंडिया के बीच एक समझौता किया है। समझौता पत्रों पर हस्ताक्षर आरएटीएम के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना तथा एलिवेट्स इंडिया के फाउंडर एवं चीफ ग्रोथ ऑफिसर अभिनव जुहारी ने किए। इस अवसर पर डॉ. विकास जैन हेड सीआरसी और एलीवेट्स इंडिया के अभिनव दुबे बतौर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

राजीव एकेडमी फार टेक्नालॉजी एण्ड मैनेजमेंट तथा एलीवेट्स इंडिया के पदाधिकारियों ने इस अनुबंध को समसामयिक बताते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं के कौशल विकास, इंडस्ट्री ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। दोनों संस्थाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग विद्यार्थियों के कौशल विकास और उनके करियर को नई दिशा प्रदान करेगा। निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि राजीव एकेडमी छात्र-छात्राओं को पारम्परिक शिक्षा की सीमाओं से आगे बढ़कर वास्तविक दुनिया के अवसरों से जोड़ने का प्रयास कर रही है। राजीव एकेडमी का उद्देश्य युवाओं को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए उन्हें प्रैक्टिकल अनुभव, इंडस्ट्री एक्सपोज़र और उद्यमशीलता की सोच के साथ सशक्त बनाना है।

डॉ. सक्सेना ने बताया कि इस अनुबंध के तहत अब विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, रिसर्च एवं डेवलपमेंट गतिविधियों तथा गेस्ट लेक्चर का लाभ मिलेगा। साथ ही एलिवेट्स इंडिया द्वारा पाठ्यक्रम को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में भी सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी वास्तविक कार्यस्थल के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें। समझौते के तहत छात्र-छात्राओं को अत्याधुनिक तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे स्किल गैप को कम करते हुए उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त, संस्थान के छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी को इंडस्ट्री साइट्स, लैब्स एवं वर्कशॉप्स में हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग का अवसर भी प्राप्त होगा।

आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल तथा प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने इस अनुबंध को समसामयिक और उपयोगी बताया। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि यह साझेदारी शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करेगी तथा छात्र-छात्राओं को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करेगी, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की सम्भावनाएं और मजबूत होंगी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राजीव एकेडमी का लक्ष्य एक ऐसा सशक्त इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां शिक्षा, कौशल और अवसर एक साथ मिलकर युवाओं को आगे बढ़ने का सही मंच प्रदान करें।

चित्र कैप्शनः समझौता पत्रों पर हस्ताक्षर के बाद राजीव एकेडमी फार टेक्नालॉजी एण्ड मैनेजमेंट तथा एलीवेट्स इंडिया के पदाधिकारी।

रिलेटेड पोस्ट्स