हावरांग अकादमी में “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” की गूंज

2.5 किलोमीटर की देशभक्ति दौड़ में दिखा गजब का उत्साह

तिरंगा मार्च एवं कुक्कीवॉन ब्लैक बेल्ट समारोह में किया प्रतिभाग

खेलपथ संवाद

अवाडी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हावरांग अकादमी द्वारा “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 4 वर्ष से 58 वर्ष की आयु के 100 से अधिक हावरांग विद्यार्थियों, सदस्यों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति, एकता, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 2.5 किलोमीटर की देशभक्ति दौड़ एवं तिरंगा मार्च से हुआ, जिसे हावरांग अकादमी के ग्रैंड मास्टर डॉ. अशोक कुमार लेंका ने झंडी दिखाकर रवाना किया। सफेद यूनिफॉर्म में सजे प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर मुखर्जी हॉल से मुथापुडुपेट मेन सर्किल (यू-टर्न), केवी एएफएस अवाडी, डीसी-2, एओसी रेजिडेंस एवं डीसी-1 होते हुए सावन मेला तक मार्च किया।

मार्च के दौरान बच्चों एवं प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ वंदे मातरम्, भारत माता की जय, जयहिन्द, इंकलाब जिंदाबाद, हर घर तिरंगा, नेशन फर्स्ट – सेल्फ लास्ट, राष्ट्र भक्ति, खेल से शक्ति, हम जिएंगे, राष्ट्र के लिए, देश सर्वोपरि जैसे राष्ट्रभक्ति संदेशों का उद्घोष किया।

सावन मेला में हुआ भव्य स्वागत

सावन मेला पहुंचने पर हावरांग दल का स्वागत ग्रुप कैप्टन रचना शर्मा (सेवानिवृत्त), प्रेसिडेंट, AFFWA (Local) द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों एवं प्रतिभागियों के देशभक्ति कार्यक्रम की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर “स्वतंत्रता की मिठास” (Sweets of Freedom) के रूप में मिठाई वितरित की गई तथा सामूहिक फोटो भी लिया गया। इसके बाद हावरांग के बच्चों, अभिभावकों एवं सदस्यों ने मेले का आनंद लिया और निर्धारित समय पर अकादमी वापस लौटे।

चार हावरांग खिलाड़ियों को मिला कुक्कीवॉन ब्लैक बेल्ट

अकादमी वापस पहुंचने के बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गान के साथ हुई। इसके पश्चात कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा कुक्कीवॉन ब्लैक बेल्ट समारोह। इस समारोह में चार समर्पित हावरांग साधकों को उनकी लम्बे समय से प्रतीक्षित ब्लैक बेल्ट प्रदान की गई। ब्लैक बेल्ट हासिल करने वालों में कुमारी राव्या ठाकुर, कुमारी शाक्षिणी, मास्टर श्रीराम और मास्टर वरशन शामिल हैं। इन चारों ने लगभग ढाई वर्षों की निरंतर मेहनत, कठोर अभ्यास, अनुशासन एवं लगन के बाद यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इनकी ब्लैक बेल्ट कुक्कीवॉन, दक्षिण कोरिया से प्राप्त प्रमाणन है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है।

ग्रैंड मास्टर डॉ. अशोक कुमार लेंका ने चारों ब्लैक बेल्ट धारकों को बधाई देते हुए उनके अभिभावकों की भी विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को लगातार प्रशिक्षण, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित बनाए रखने में अभिभावकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

देशभक्ति दौड़ के बाद बच्चों के लिए आइसक्रीम

2.5 किलोमीटर देशभक्ति दौड़ और तिरंगा मार्च के बाद सभी बच्चों एवं अभिभावकों के लिए आइसक्रीम की व्यवस्था की गई। इससे प्रतिभागियों को थकान के बाद राहत मिली और पूरा माहौल पारिवारिक एवं आनंदमय बन गया।

सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण

इसके बाद हवरांग अकादमी में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें हावरांग विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की भागीदारी एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए उपहार एवं पुरस्कार भी प्रदान किए गए। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतिम चरण में AFFWA के सहयोग से सभी हावरांग सदस्यों एवं अभिभावकों के लिए भव्य पार्टी का आयोजन किया गया। अंत में सभी प्रतिभागी एक साथ खड़े हुए और राष्ट्रीय गान एवं “वंदे मातरम्” के साथ कार्यक्रम का समापन किया। हर घर तिरंगा कार्यक्रम केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं था, बल्कि बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का एक सार्थक प्रयास था।

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स