क्रीड़ा भारती कानपुर ने खिलाड़ियों में खेलभावना और राष्ट्रभक्ति का किया संचार
हनुमान जयंती एवं स्थापना दिवस पर कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित
खेलपथ संवाद
कानपुर। क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत द्वारा हनुमान जयंती एवं संगठन के स्थापना दिवस पर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कर खिलाड़ियों में खेलभावना और राष्ट्रभक्ति का संचार किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं अतिथियों को जहां हनुमानजी का चित्र भेंट किया गया वहीं विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
क्रीड़ा भारती के स्थापना दिवस का कार्यक्रम का शुभारम्भ क्रीड़ा गीत के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तत्पश्चात भगवान हनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनसे आशीष लिया। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों एवं उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। 10 टीमों की कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारम्भ प्रांत मंत्री नीतू कटियार, प्रांत कोषाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी, प्रांत प्रचार प्रमुख वैभव गौड़ व जिले के अध्यक्ष राजुल खन्ना, क्रीड़ा भारती के कानपुर महानगर के सहमंत्री संदीप, मंत्री श्याम मिश्रा, सुनील मंगल ने टास कराकर किया।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती की मातृशक्ति प्रमुख सुलोचना, सह मातृशक्ति प्रमुख संतोष त्यागी, क्रीडा केंद्र प्रमुख शैलेश कटियार, जिले की मातृशक्ति प्रमुख सविता, सह मातृशक्ति प्रमुख कंचन, अंकिता, कृष्णा, रौनक आदि ने खिलाड़ियों का उत्तसाहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
