अस्मिता खेलो इंडिया लीग एवं फेडरेशन कप सॉफ्ट टेनिस में यूपी का जलवा
लखनऊ की जांबाज बेटी मरियम खान ने स्वर्ण सहित तीन पदक जीते
खेलपथ संवाद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ियों ने अस्मिता खेलो इंडिया लीग एवं फेडरेशन कप सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में लखनऊ की जांबाज बेटी मरियम खान ने स्वर्ण सहित तीन पदक जीते। पुरुष वर्ग में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेजोड़ खेल दिखाते हुए पदक जीते।
अस्मिता खेलो इंडिया लीग में लखनऊ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी मरियम खान ने डबल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही फेडरेशन कप में भी उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए डबल्स में रजत पदक तथा टीम इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया।
फेडरेशन कप सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन अहमदाबाद के निकोल स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात में 23 से 26 मार्च तक किया गया। पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम ने कड़ा मुकाबला करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम के खिलाड़ियों में शनिश मणि मिश्रा, ओम यादव, प्रणव मिश्रा, प्रखर मिश्रा, ओ.के. राजन, राज पांडेय एवं यश यादव शामिल रहे।
प्रतियोगिता में महिला टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। टीम में मरियम खान, तनुश्री पांडेय, मुस्कान यादव, नेहा गुप्ता, अलीशा एवं जोया अज़ीज़ शामिल रहीं। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खेलप्रेमियों एवं खेल अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है तथा भविष्य में और बेहतर उपलब्धियों की कामना की है।
