हरियाणा के युवाओं में नई तकनीकों को अपनाने का जबरदस्त उत्साह

ताजनगरी आगरा में हुई क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में जीते 33 पदक

खेलपथ संवाद

चंडीगढ़। हरियाणा के प्रतिभाशाली युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता और कड़ी मेहनत का लोहा मनवाते हुए आगरा में आयोजित क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में प्रदेश का नाम रोशन किया है। आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में सम्पन्न हुई इस प्रतियोगिता में हरियाणा के प्रतिभागियों ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 33 पदक अपने नाम किए। इन पदकों में 8 स्वर्ण, 13 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। इस बड़ी उपलब्धि पर केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने हरियाणा की टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के युवाओं ने कुल 63 कौशल विधाओं (स्किल्स) में अपनी विशेषज्ञता प्रदर्शित की। हरियाणा के युवाओं ने इनमें से 49 विधाओं में सक्रिय भागीदारी की और 33 में पदक हासिल किए। यह सफलता न केवल युवाओं के व्यक्तिगत समर्पण को दर्शाती है, बल्कि राज्य में कौशल विकास के लिए तैयार किए गए मजबूत बुनियादी ढांचे का भी प्रमाण है।

समापन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में नई तकनीकों को अपनाने का जबरदस्त उत्साह है, जो उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाएगा। क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले ये विजेता अब आगामी राष्ट्रीय स्तर की 'इंडिया स्किल्स' प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यहाँ से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन 'वर्ल्ड स्किल्स' प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जहाँ वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। गौरव गौतम ने भरोसा जताया कि हरियाणा के युवा वैश्विक स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

हरियाणा के युवाओं द्वारा किए गए इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए युवा सशक्तीकरण एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम ने सभी विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। उन्होंने रेखांकित किया कि हरियाणा में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना और तकनीकी संस्थानों में शुरू किए गए आधुनिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम अब रंग ला रहे हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को बदलते समय की मांग के अनुरूप तैयार कर उन्हें रोजगार के बेहतरीन अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

पदक विजेताओं के लिए लाखों की प्रोत्साहन राशि

युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मंत्री गौरव गौतम ने राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली भारी-भरकम पुरस्कार राशि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वालों को 5 लाख तथा इंटरनेशनल स्तर पर पदक जीतने वालों को 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस तरह के प्रोत्साहनों से आने वाले समय में कौशल विकास की प्रतियोगिताओं में युवाओं की भागीदारी और बढ़ेगी और हरियाणा देश के 'कौशल हब' के रूप में उभरेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स