भारतीय हॉकी बेटियां खिताबी जीत से दूर लेकिन इरादे मजबूत
इंग्लैंड से मिली हार फिर भी टीम इंडिया खेलेगी वर्ल्ड कप
खेलपथ संवाद
हैदराबाद। भारत को एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर के फाइनल में शनिवार को इंग्लैंड से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा, बावजूद इसके भारतीय टीम ने इस साल होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। यह विश्व कप नीदरलैंड्स और बेल्जियम में आयोजित होगा।
दुनिया की छठे नम्बर की टीम इंग्लैंड के लिए ग्रेस बाल्सडन ने 13वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पहला गोल किया। इसके बाद 43वें मिनट में एलिजाबेथ नील ने मैदानी गोल कर इंग्लैंड की बढ़त 2-0 कर दी। दुनिया में नौवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने पूरी कोशिश की लेकिन, इंग्लैंड की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेद नहीं पाई। इस टूर्नामेंट से चैम्पियन इंग्लैंड, उपविजेता भारत और स्काटलैंड (जिसने इटली को 1-0 से हराया) ने विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया।
भारत ने इस मैच में भी आक्रामक खेल दिखाया और इसी अंदाज में शुरुआत भी की। नतीजा ये रहा कि भारत को शुरुआती दो मिनट में ही नवनीत कौर ने दो पेनाल्टी कॉर्नर दिला दिए थे, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर ने भारत के प्रयासों को नाकाम कर दिया। भारत की आक्रामकता के सामने इंग्लैंड ने अनुशासित खेल दिखाया जिसका उसे फायदा मिला। पहले क्वार्टर में जब दो मिनट का समय बाकी था तब इंग्लैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर बाल्सडन ने गोल करते हुए अपनी टीम को आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भी रोमांचक खेल हुआ। दोनों ही टीमों ने शानदार खेल दिखाया। यहां दोनों ही टीमों की डिफेंस लाइन ने शानदार काम किया और नतीजा ये रहा कि हाफ टाइम तक इंग्लैंड ने अपनी बढ़त को बरकरार रखा।
इंग्लैंड ने तीसरे क्वार्टर में भारत की डिफेंस लाइन को परखा और क्वार्टर का अंत होने से पहले 43वें मिनट में उसने अपना दूसरा गोल कर दिया। इंग्लैंड की मिडफील्डर का शॉट भारत की एक डिफेंडर को पार करते हुए गोल में चला गया और इंग्लैंड टीम के खाते में दूसरा गोल आ गया। भारत ने आखिरी क्वार्टर में अपना आक्रामक खेल जारी रखा लेकिन उसके हिस्से गोल नहीं आया।
