गंगटोक में बच्चों संग फुटबॉल खेले प्रधानमंत्री मोदी

लिखा- युवाओं के साथ फुटबॉल का सत्र बेहद ऊर्जावान रहा

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर हैं। इस क्रम में उन्होंने मंगलवार सुबह गंगटोक में बच्चों के साथ फुटबॉल खेली। इसकी खूबसूरत तस्वीरें पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से भी शेयर कीं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन खूबसूरत तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, गंगटोक की एक सुहावनी सुबह सिक्किम में अपने युवा दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने जैसा कुछ भी नहीं। उन्होंने कहा, स्पष्ट है कि इन युवाओं के साथ फुटबॉल का सत्र बेहद ऊर्जावान रहा।

बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर हैं, जहां वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन समारोह में भाग लेंगे और 4,000 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री मंगलवार को गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे, जिसे राज्य की समृद्ध पारिस्थितिक और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विश्व स्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

इसके बाद, सुबह लगभग 10 बजे, पीएम मोदी पालजोर स्टेडियम में स्वर्ण जयंती समारोह के समापन समारोह में शामिल होंगे, जहां वे बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में फैली परियोजनाओं का उद्घाटन, शुभारंभ और आधारशिला रखेंगे। वे सभा को सम्बोधित भी करेंगे।

शिक्षा के क्षेत्र में, वे यांगंग में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, चाकुंग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्टता विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक, सोचेयगांग में हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज और ग्यालशिंग जिले में डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। इसके अतिरिक्त, 160 विद्यालयों में आईटी-आधारित अवसंरचना परियोजनाओं का शुभारम्भ किया जाएगा। कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री मोदी सिरवानी और लोअर समदोंग में तीस्ता नदी पर बने दो दोहरी लेन वाले स्टील मेहराब पुलों की आधारशिला रखेंगे और किचुदुमरा होते हुए बिरधांग से नामची तक की उन्नत सड़क का उद्घाटन करेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स