भारतीय ओलम्पिक संघ के एथलीट आयोग की अध्यक्ष बनीं पीवी सिंधू
हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
मीराबाई चानू और साजन प्रकाश भी बने खिलाड़ी प्रतिनिधि
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत की दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के एथलीट आयोग का अध्यक्ष चुना गया है। भारतीय खेल प्रशासन में खिलाड़ियों की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान और दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता हरमनप्रीत सिंह को आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
निर्वाचन अधिकारी संजय के. श्रीवास्तव ने चारों पदों के लिए उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। अध्यक्ष पद के लिए पीवी सिंधू और उपाध्यक्ष पद के लिए हरमनप्रीत सिंह ही एकमात्र उम्मीदवार थे। इसी तरह भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू और तैराक साजन प्रकाश को आईओए की आम सभा में खिलाड़ी प्रतिनिधि चुना गया।
इन चारों खिलाड़ियों का कार्यकाल वर्ष 2026 से 2030 तक यानी चार साल का होगा। सिंधू और हरमनप्रीत भारतीय ओलम्पिक संघ की कार्यकारी परिषद के सदस्य भी बनेंगे। इसका गठन पांच दिसम्बर को प्रस्तावित आईओए चुनावों के बाद किया जाएगा। वहीं मीराबाई चानू और साजन प्रकाश को आईओए की आम सभा में खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में मतदान का अधिकार मिलेगा।
इससे पहले तीन नवम्बर को भारतीय ओलम्पिक संघ के एथलीट आयोग के दस सदस्यों को निर्विरोध चुना गया था। आयोग में पांच महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। महिला खिलाड़ियों में पीवी सिंधू, मीराबाई चानू, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, तलवारबाज भवानी देवी और पूर्व तीरंदाज बॉम्बायला देवी शामिल हैं। पुरुष खिलाड़ियों में हरमनप्रीत सिंह, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले, एथलेटिक्स के तजिंदरपाल सिंह तूर, तैराक साजन प्रकाश और कैनोइंग एवं कयाकिंग के मनजीत सिंह शामिल हैं। इसके अलावा एशियाई ओलम्पिक परिषद के एथलीट आयोग से जुड़े शिवा केशवन और निशानेबाज राजेश्वरी कुमारी पदेन सदस्य होंगे।
खिलाड़ियों की आवाज बनेगा आयोग
एथलीट आयोग का उद्देश्य खेल प्रशासन में खिलाड़ियों की आवाज को प्रभावी स्थान देना, उनकी समस्याओं और जरूरतों को संबंधित संस्थाओं तक पहुंचाना तथा खेल नीतियों और निर्णय प्रक्रिया में खिलाड़ियों के हितों का प्रतिनिधित्व करना है। पीवी सिंधू और हरमनप्रीत सिंह जैसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने से उम्मीद है कि भारतीय खेल व्यवस्था में खिलाड़ियों के अनुभव और सुझावों को अधिक महत्व मिलेगा। भारतीय खेलों के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अब देश के शीर्ष खिलाड़ी केवल मैदान पर प्रदर्शन करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि खेल प्रशासन और नीतिगत निर्णयों में भी अपनी भूमिका निभाएंगे।
