राजस्थान में 840 खेल प्रशिक्षकों की होगी भर्ती, 140 होंगे स्थायी

खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विधानसभा में दी जानकारी

खेलपथ संवाद

जयपुर। राजस्थान में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए खेल विभाग में लम्बे समय बाद बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विधानसभा में जानकारी दी कि विभाग में 140 स्थायी और 700 अस्थायी कोचों की भर्ती की जाएगी।

निर्दलीय विधायक यूनुस खान के सवाल के जवाब में खेल मंत्री राठौड़ ने बताया कि खेल विभाग में साल 2012 के बाद पहली बार कोचों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि  140 स्थायी कोचों की भर्ती के लिए वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है, और कर्मचारी चयन बोर्ड आगे की कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 700 अस्थायी कोच भी नियुक्त किए जाएंगे। इससे प्रदेश के अधिकांश खेल प्रशिक्षण केंद्रों पर कोच उपलब्ध हो सकेंगे, और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल पाएगा।

युवा मामले एवं खेल मंत्री राठौड़ प्रश्नकाल के दौरान विधायक यूनुस खान के पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में केन्द्र सरकार से डीडवाना खेल स्टेडियम के लिए एक करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे, जिसमें राज्य सरकार ने भी अपनी हिस्सेदारी दी थी और वहां खेल सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था की गई थी। कोरोना काल में निगरानी के अभाव में स्टेडियम में तोड़फोड़ और विद्युत उपकरणों की चोरी की घटनाएं हुईं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहां दो कार्य प्रगति पर हैं, जिससे सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।

मंत्री राठौड़ ने बताया कि बजट वर्ष 2023-24 में 25 लाख रुपए की घोषणा के तहत स्टेडियम में सिविल कार्य और मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत यहां टूटी हुई संरचनाओं की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा विद्युत कार्यों के लिए 25 लाख रुपए का टेंडर भी प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत डीडवाना में करीब 4.80 करोड़ रुपए के व्यय से एक इंडोर हॉल का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद स्टेडियम योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा एक करोड़ रुपए तक की मैचिंग ग्रांट देने का प्रावधान है। योजना के तहत किसी भी प्रकार का प्रस्ताव प्राप्त होने पर उसे वित्त विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।

इस दौरान विधायक यूनुस खान ने कहा कि मेजर ध्यानचंद योजना के तहत वे विधायक कोटे से एक करोड़ रुपये देने को तैयार हैं। उन्होंने सरकार से मैचिंग ग्रांट देने का आग्रह किया ताकि वहां खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। इस पर खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि इस योजना के अपने नियम हैं और प्रस्ताव को वित्त विभाग के पास भेजा जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स