तमिलनाडु में ताइक्वांडो खिलाड़ियों को मिला ऐतिहासिक सम्मान
1172 खिलाड़ियों को 33 करोड़ से अधिक की नकद पुरस्कार राशि मिली
डॉ. अशोक लेंका सहित हावरंग अकादमी के तीन खिलाड़ी सम्मानित
खेलपथ संवाद
चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए चेन्नई के प्रतिष्ठित जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में नकद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 1172 खिलाड़ियों को विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 33 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रतिभाओं को किसी बात की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। यह आयोजन राज्य सरकार की खेलों के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता और खिलाड़ियों के मनोबल को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह पहला अवसर है जब ताइक्वांडो खिलाड़ियों को उच्च नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान खेल विकास प्राधिकरण आफ तमिलनाडु द्वारा तमिलनाडु ताइक्वांडो एसोसिएशन (सी/ओ इंडिया ताइक्वांडो) के माध्यम से प्रदान किया गया। इस ऐतिहासिक समारोह में एएफएफडब्ल्यूए हावरंग एकेडमी तथा आईएएफ अवदी के तीन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिससे अकादमी और भारतीय वायुसेना समुदाय में हर्ष का वातावरण है।
सीनियर नेशनल ताइक्वांडो चैम्पियनशिप 2025–26 (ओडिशा) में डॉ. अशोक कुमार लेंका ने व्यक्तिगत पूमसे स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर रुपये दो लाख का पुरस्कार प्राप्त किया। कुमारी पी. हर्षिनी ने फ्रीस्टाइल पूमसे में कांस्य पदक जीतकर रुपये 2 लाख की प्रोत्साहन राशि हासिल की। इसी प्रकार उत्तराखंड जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2025 में मास्टर के. लोका प्रदीप ने मान्यता प्राप्त एवं फ्रीस्टाइल पूमसे में दो कांस्य पदक जीतकर प्रति पदक रुपये 1.5 लाख, कुल रुपये 3 लाख की नकद पुरस्कार राशि प्राप्त की।
यह उपलब्धि न केवल हावरंग अकादमी के लिए बल्कि तमिलनाडु में ताइक्वांडो के विकास के लिए एक मील का पत्थर है। चार दशकों से ताइक्वांडो प्रशिक्षण में उत्कृष्टता का परिचय देने वाली यह अकादमी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक खिलाड़ियों को तैयार कर चुकी है। राज्य सरकार द्वारा दिया गया यह सम्मान ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन देने वाला सिद्ध होगा।
