वेटरन्स इंडिया तमिलनाडु चैप्टर ने किया पांच खेलों का शानदार आयोजन
खेल महोत्सव की सफलता में प्रभारी राष्ट्रीय सचिव सुधाकर का अहम योगदान
खेलपथ संवाद
धर्मपुरी। वेंकटेश्वर पॉलिटेक्निक कॉलेज में 27 से 29 दिसम्बर तक आयोजित वेटरन्स इंडिया तमिलनाडु चैप्टर के खेल महोत्सव में नवोदित खिलाड़ियों ने फुटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, खोखो और कबड्डी में नायाब खेल से सभी की वाहवाही लूटी। खेल महोत्सव के समापन अवसर पर वेटरन्स इंडिया स्पोर्ट्स विंग के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अशोक लेंका ने तमिलनाडु के प्रभारी राष्ट्रीय सचिव सुधाकर और उनकी टीम की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
वेटरन्स इंडिया मीडिया सेण्टर से मिली जानकारी के अनुसार धर्मपुरी जिले के वेंकटेश्वर पॉलिटेक्निक कॉलेज में 27 से 29 दिसम्बर तक वेटरन्स इंडिया तमिलनाडु चैप्टर द्वारा पांच खेलों (फुटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, खोखो और कबड्डी) का आयोजन किया गया। डॉ. अशोक लेंका की उपस्थिति में आयोजित इस खेल महोत्सव में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना।
तमिलनाडु के प्रभारी राष्ट्रीय सचिव सुधाकर के नेतृत्व में आयोजित यह खेल महोत्सव शानदार रहा। इस अवसर पर डॉ. अशोक लेंका ने सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और अनुशासन की तारीफ की। डॉ. लेंका ने सफल आयोजन के लिए अध्यक्ष सेलप्न और उपाध्यक्ष, आद्यमन कॉलेज ग्रुप्स के संस्थापक तिरुमल मुरुगन को धन्यवाद दिया। हम बता दें कि तिरुमल मुरुगन को हाल ही में वेटरन्स इंडिया द्वारा शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 'प्राइड ऑफ नेशनल' पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वेटरन्स इंडिया स्पोर्ट्स विंग जमीनी स्तर पर राष्ट्र भक्ति और खेल से शक्ति का शिक्षण देकर देशभक्ति और राष्ट्रवाद के उत्थान के लिए अथक प्रयास करता है। यह जमीनी स्तर पर देशभक्ति जागृत करने वाला एक खेल संगठन है।
