राष्ट्रीय स्कूल खेलों में होनहार हॉकी खिलाड़ी मशीयत फातिमा दिखाएगी जलवा
आइडेंटिटी एज्यूकेशनल एकेडमी रामपुर की मशीयत फातिमा का यूपी स्कूल टीम में चयन
खेलपथ संवाद
रामपुर। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। इस बात को सिद्ध किया है रामपुर की होनहार हॉकी खिलाड़ी मशीयत फातिमा ने उत्तर प्रदेश की स्कूली टीम में प्रवेश पाकर। राष्ट्रीय स्कूल खेलों की उत्तर प्रदेश हॉकी टीम में शामिल प्रतिभाशाली मशीयत फातिमा रामपुर की पहली खिलाड़ी है। मशीयत फातिमा अब ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में दो जनवरी से आयोजित अंडर-14 स्कूल नेशलल हॉकी प्रतियोगिता में अपनी स्टिक का कमाल दिखाने को तैयार है।
आइडेंटिटी एज्यूकेशनल एकेडमी के संस्थापक मोहम्मद वकार खान ने बताया कि स्कूल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा जारी हॉकी खिलाड़ियों की सूची में कक्षा छह की छात्रा (11 वर्ष) मशीयत फातिमा का चयन समूचे रामपुर के लिए गर्व और गौरव की बात है। रामपुर के हॉकी इतिहास में यह पहली बालिका खिलाड़ी है जो स्कूल नेशनल में अपना जौहर दिखाएगी। मोहम्मद वकार खान ने बताया कि आइडेंटिटी एज्यूकेशनल एकेडमी की 10 छात्राएं झांसी में आयोजित राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल से प्रतिभाग कर चुकी हैं।
झांसी में आयोजित अंडर 14 राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों की चार सौ से अधिक खिलाड़ियों ने अपना खेल-कौशल दिखाया था। इसी प्रतियोगिता से उत्तर प्रदेश की 18 सदस्यीय स्कूली टीम का चयन किया गया। उत्तर प्रदेश टीम में होनहार मशीयत फातिमा का चयन होना मुरादाबाद मंडल ही नहीं रामपुर जिले और स्कूल के लिए गर्व की बात है।
आइडेंटिटी एज्यूकेशनल एकेडमी और मशीयत को फिलवक्त बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी है। पूर्व ओलम्पियन भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मोहम्मद शकील ने होनहार मशीयत फातिमा को पुष्पगुच्छ भेंटकर उसका हौसला बढ़ाया। मोहम्मद शकील ने इस उपलब्धि के लिए आइडेंटिटी एज्यूकेशनल एकेडमी के संस्थापक मोहम्मद वकार खान को साधुवाद देते हुए कहा कि हॉकी के उत्थान के लिए उनका प्रयास सराहनीय है।
