बाड़मेर से चार धाम तक हाकम सिंह की जय-जयकार

गिराब का जांबाज 25 सौ किलोमीटर पैदल चला

75 दिनों तक दिया पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश

खेलपथ संवाद

बाड़मेर। यदि इंसान मन में ठान ले तो उसके लिए कुछ भी असम्भव नहीं। इस बात को सही साबित किया बाड़मेर जिले के गिराब गांव के युवा हाकम सिंह राजपुरोहित ने 25 सौ किलोमीटर पैदल चलकर। जांबाज हाकम सिंह ने बाड़मेर से चार धाम तक की अपनी 75 दिनों की लम्बी पैदल यात्रा में जगह जगह लोगों को पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और धार्मिक जागरूकता का संदेश दिया।

बाड़मेर के हाकम सिंह की साहसिक यात्रा की हर कोई तारीफ कर रहा है। हाकम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पदयात्रा एक अप्रैल 2025 को राजस्थान के बाड़मेर स्थित ब्रह्मधाम आसोतरा से शुरू की थी। 75 दिनों में उन्होंने यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ तक की 25 सौ किलोमीटर की पदयात्रा पूरी की। हाकम सिंह प्रतिदिन 30 से 40 किलोमीटर तक चलते थे।

यह हाकम सिंह की पहली साहसिक यात्रा नहीं है, इससे पहले वह बाड़मेर से 33 दिनों में 1300 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। हाकम सिंह राजपुरोहित की यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक समर्पण का प्रतीक है बल्कि प्रकृति के प्रति जागरूकता का भी अद्वितीय संदेश है।

जांबाज हाकम सिंह के इस अद्वितीय प्रयास की सराहना राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी कर चुके हैं। उन्होंने हाकम सिंह का सम्मान करने के बाद कहा कि राजस्थान का यह युवा सभी युवाओं की प्रेरणा बन चुका है। हम आपको बता दें कि चार अप्रैल, 2025 को जोधपुर में पर्यावरण प्रेमियों ने भी इस युवा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया था।

रिलेटेड पोस्ट्स