कानपुर के होनहार तीरंदाजों ने बाराबंकी में दिखाया जलवा

तीन स्वर्ण सहित कुल पांच पदक जीतकर जमाई धाक
खेलपथ संवाद
कानपुर। एम स्क्वायर स्पोर्ट्स क्लब, बाराबंकी में आयोजित आठवीं उत्तर प्रदेश राज्य इंडोर-फील्ड तीरंदाजी चैम्पियनशिप में कानपुर के होनहार तीरंदाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण सहित कुल पांच पदक जीतकर कानपुर का गौरव बढ़ाया।
कानपुर के उभरते तीरंदाजों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक जीते। पदक विजेताओं में हार्दिक तिवारी (मंटोरा पब्लिक स्कूल) स्वर्ण पदक, शिवाय मिश्रा (जे.के. मिलेनियम स्कूल) स्वर्ण पदक, स्वास्तिक कटियार (जे.के. मिलेनियम स्कूल) स्वर्ण पदक, रुद्रांश सेंगर (मंटोरा पब्लिक स्कूल) रजत पदक तथा विहा (मिनी वंडर स्कूल) कांस्य पदक शामिल हैं।
इन होनहार तीरंदाजों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या अनीला चंडिका ने सभी विजेता छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या अनीला ने कहा कि यह सफलता बच्चों के कठिन परिश्रम और अनुशासन से सम्भव हुई है। विद्यालय द्वारा टीम के कोच दिनेश कुशवाहा को भी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कानपुर ओलम्पिक संघ के संयुक्त सचिव वैभव गौड़ ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कानपुर के युवा तीरंदाजों की मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। कानपुर के युवा तीरंदाजों का यह प्रदर्शन साबित करता है कि शहर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।