ओपन नेशनल एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में दमदार मुकाबले

अंतिम दिन होगी पदक तालिका में शीर्ष पर रहने की होड़
खेलपथ संवाद
रांची। राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम मोरहाबादी में जारी 64वीं नेशनल ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का तीसरा दिन रोमांचक मुकाबलों से भरा रहा। देशभर से आए 700 से अधिक एथलीटों के बीच कुल दस इवेंट्स में पदकों के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
इस आयोजन के तीसरे दिन रेलवे स्पोर्ट्स सर्विसेज, ऑल इंडिया पुलिस और कई राज्यों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा कर दिया हालांकि, झारखंड की पुरुष 4x100 मीटर रिले टीम ने अच्छा प्रयास किया लेकिन फाइनल में छठे स्थान पर संतोष करना पड़ा।
सोमवार को दिन की शुरुआत पुरुष ऊंची कूद से हुई। रेलवे स्पोर्ट्स के रोहित और आदर्श राम ने 2.18 मीटर की समान छलांग लगाई। बेहतर प्रयास के आधार पर रोहित को स्वर्ण और आदर्श को रजत मिला। ओडिशा के स्वाधीन कुमार मांझी ने 2.14 मीटर कूदकर कांस्य पर कब्जा जमाया।
महिला 20 किलोमीटर रेस वॉक में रेलवे की मुनिता प्रजापति ने 1:36.14 समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। राजस्थान की कमला (1:37.42) ने रजत और महाराष्ट्र की सेजल अनिल सिंह (1:38.32) ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में एसएससीबी के नितिन गुप्ता ने 1:24.22 समय निकालते हुए गोल्ड अपने नाम किया। उत्तराखंड के परमजीत बिष्ट को रजत और एसएससीबी के अमनजोत सिंह को कांस्य मिला।
रिले मुकाबले भी बेहद रोमांचक रहे। महिला 4x100 मीटर रिले में रेलवे स्पोर्ट्स की टीम ने 45.09 सेकेंड के साथ पहला स्थान पाया। कर्नाटक ने 45.66 सेकेंड में दौड़ पूरी कर रजत और तमिलनाडु ने 45.76 सेकेंड में कांस्य पदक अपने नाम किया। पुरुष 4x100 मीटर रिले में भी रेलवे स्पोर्ट्स ने 39.44 सेकेंड में जीत दर्ज की. एसएससीबी को रजत और ओडिशा को कांस्य पदक मिला।
पुरुष शॉटपुट में मध्यप्रदेश के समरदीप गिल ने 19.79 मीटर तक गोला फेंककर स्वर्ण पर कब्जा किया। एसएससीबी के तेजिंदर सिंह तूर (19.32 मीटर) को रजत और ऑल इंडिया पुलिस के रवि कुमार (18.23 मीटर) को कांस्य मिला। लंबी कूद में हरियाणा के मोहम्मद साजिद (7.78 मीटर) ने स्वर्ण जीता। ओडिशा के सरुण पाया सिंह (7.77 मीटर) बेहद करीबी अंतर से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि रेलवे स्पोर्ट्स के भूपिंदर सिंह (7.58 मीटर) को तीसरा स्थान मिला।
महिला जेवलिन में हरियाणा की दीपिका ने 54.86 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। रेलवे की करिश्मा शानिल (53.85 मीटर) को रजत और रश्मि के (52.34 मीटर) को कांस्य मिला। महिला पोल वॉल्ट पूरी तरह रेलवे के नाम रही। वर्णिका (4.10 मीटर) ने स्वर्ण, मारिया जैसन (4.05 मीटर) ने रजत और कृष्णा रचन (3.90 मीटर) ने कांस्य जीता। पुरुष हैमर थ्रो में पंजाब के दमनित सिंह ने 68.71 मीटर के साथ गोल्ड हासिल किया. एसएससीबी के आशीष जाखड़ और सहबान क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। तीसरे दिन विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कई खेल अधिकारी मौजूद रहे। झारखंड सरकार के कौशल विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर, हॉकी इंडिया के पदाधिकारी भोलानाथ सिंह, झारखंड ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत पाठक समेत कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को पदक और प्रशस्ति पत्र दिए।
इस मौके पर डॉ. मधुकांत पाठक ने कहा कि रांची में इस तरह की नेशनल चैम्पियनशिप का आयोजन होना अपने आप में गर्व की बात है। यहां से उभरकर निकलने वाले खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे। रेलवे, एसएससीबी और विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन झारखंड के खिलाड़ियों से भी उम्मीद है कि वे आने वाले दिनों में और बेहतर करेंगे। 64वीं नेशनल ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के तीसरे दिन रेलवे स्पोर्ट्स का दबदबा रहा, जबकि एसएससीबी और हरियाणा के एथलीटों ने भी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। इस चैम्पियनशिप का समापन 30 सितम्बर को होगा, जब अंतिम दिन कई और महत्वपूर्ण इवेंट्स में पदकों का फैसला होगा।