विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का शुभारम्भ

74 भारतीय खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दमखम

104 देशों के 2200 से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। विश्व पैरा एथलेटिक्स के उद्धाटन समारोह में गुरुवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम भारतीय संस्कृति की खूबसूरत छटा दिखाई दी। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। एथलेटिक्स परेड भी निकली। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत में पहली बार हो रही विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के उद्घाटन की घोषणा की। इस वैश्विक प्रतियोगिता में 27 सितम्बर से 104 देशों के 2200 से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे।

भारत चौथा एशियाई देश है जो इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले कतर (2015), यूएई (2019) और जापान (2024) में इसका आयोजन हो चुका है। उद्घाटन से पहले एथलीटों की परेड और 45 मिनट का सांस्कृतिक प्रदर्शन हुआ। ध्वजवाहक धरमबीर नैन और प्रीति पाल के नेतृत्व में लगभग 10 भारतीयों ने उपस्थित जनसमूह की करतल ध्वनि के बीच संक्षिप्त परेड में भाग लिया। दिल्ली स्थित नृत्य समूह वी आर वन, जो श्रवण-बाधित कलाकारों से बना है, ने प्रसिद्ध जय हो की प्रस्तुति दी, जिनमें से कई व्हीलचेयर पर थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भांगड़ा नृत्य और मृदंग के साथ मणिपुरी पुंग चोलोम का प्रदर्शन भी किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संदेश भेजा जिसे खेल सचिव हरिरंजन राव ने पढ़ा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, भारत को पहली बार विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी करने पर गर्व है। ऐसे समय में जब हमारे देश को एक खेल और समावेशी राष्ट्र के रूप में पहचाना जा रहा है, इतने बड़े टूर्नामेंट का आयोजन करना एक बहुत बड़ा सम्मान है।

पैरा एथलीटों के उल्लेखनीय प्रदर्शन ने लचीलेपन और दृढ़ संकल्प के अर्थ को फिर से परिभाषित किया है, जिससे दुनिया भर के खिलाड़ियों और आम लोगों दोनों को प्रेरणा मिली है। उनकी उपलब्धियों ने एक सामूहिक विश्वास जगाया है कि कोई भी चुनौती अजेय नहीं है। बाधाओं को तोड़कर और नए मानक स्थापित करके, पैरा एथलीटों ने एक उभरते खेल केंद्र के रूप में भारत की पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लाखों लोगों को खेल को जीवन के तरीके के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, हमारा 74 एथलीटों का दल भाग ले रहा है जो बात का प्रमाण है कि देश में पैरा-स्पोर्ट्स ने कितनी गहरी जड़ें जमा ली हैं। सुमित अंतिल, प्रीति पाल, दीप्ति जीवनजी, धरमबीर नैन और प्रवीण कुमार जैसे चैंपियन घरेलू मैदान पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। समारोह में खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सासंद एवं अभिनेत्री कंगना रानौत के अलावा भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया और विश्व पैरा एथलेटिक्स समिति के प्रमुख पॉल फिट्जगेराल्ड भी उपस्थित थे। पुरुषों के लिए 104 और महिलाओं के लिए 84 स्पर्धाएं होंगी, एक मिश्रित वर्ग की स्पर्धा भी होगी। एथलीट पहली बार यहां बिछे नए मोंडो ट्रैक पर हिस्सा लेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स