दादा और पिता के बाद नाती को भी मिली एमपीसीए की अध्यक्षी

सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी ने सम्हाली एमपीसीए की कमान

29 साल के महाआर्यमन सिंधिया बने मध्य प्रदेश के क्रिकेट अध्यक्ष

खेलपथ संवाद

इंदौर। महाआर्यमन सिंधिया को मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया है। एमपीसीए की आसंदी सम्हालने वाले महाआर्यमन सिंधिया 29 साल के हैं। इस मामले में वह दादा (स्वर्गीय माधव राव सिंधिया 37) और पिता (ज्योतिरादित्य सिंधिया 35 ) से भी कम उम्र में मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की अध्यक्षी हासिल करने का नया रिकॉर्ड बनाया है। स्वर्गीय माधव राव सिंधिया भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष रहे और उन्होंने संगठन की आर्थिक मजबूती के कुछ अनुकरणीय कार्य किए थे।

इंदौर में हुई वार्षिक सभा में मध्य प्रदेश को नए हाथों में सौंपने की एक नेक पहल हुई है। अब मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन का संचालन नई कार्यकारिणी करेगी। छह साल बाद सभी नये चेहरे मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में आए हैं। 29 वर्षीय महाआर्यमन सिंधिया के अलावा सभी नये चेहरे अलग-अलग पदों पर काबिज हुए हैं। सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में महाआर्यमन को इस पद तक लाने के लिए उनके पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तीन साल पहले से ही जमीन तैयार कर ली थी।

महाआर्यमन ने वर्ष 2022 से ग्वालियर संभागीय क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। तब से ही माना जा रहा था कि वे भविष्य में एमपीसीए की कमान संभाल सकते हैं। अब खेल के जरिए महाआर्यमन अपना राजनीतिक कद बढ़ाएंगे। सिंधिया परिवार का राजनीति में आगे बढ़ने का यही पैटर्न रहा है। महाआर्यमन सिंधिया भी अपने दादा और पिता की तरह उसे निभा रहे हैं। माधव राव सिंधिया और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कम उम्र में एमपीसीए के अध्यक्ष बने थे।

वार्षिक बैठक इंदौर के होलकर स्टेडियम में आयोजित की गई। नई कार्यकारिणी में पहले से तय उम्मीदवारों के अलावा अन्य किसी सदस्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इस कारण सभी निर्विरोध चुने गए। नई कार्यकारिणी में महाआर्यमन टीम के कप्तान बने हैं, जबकि सचिव के पद पर सुधीर असनानी, उपाध्यक्ष पद पर विनीत सेठिया, कोषाध्यक्ष संजय दुआ बने, जबकि सहसचिव अरुंधति किरकिरे बनीं। कार्यकारिणी सदस्य में राजीव रिसोडकर, प्रसून कनमड़ीकरण, विजेस राणा व संध्या अग्रवाल शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स