टेनिस में सोनीपत की छोरियों का रहा जलवा
यमुनानगर के लाडलों ने भी फहराया परचम
खेलपथ संवाद
सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में सम्पन्न तीन दिवसीय खेल महाकुंभ की राज्यस्तरीय टेनिस प्रतियोगिता महिला वर्ग में सोनीपत की छोरियों तथा पुरूषों के वर्ग में यमुनानगर के लाडलों ने जीत ली। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार व विशिष्ट अतिथि खेल विभाग की उप निदेशक सुनीता दलाल ने ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।
खेल विभाग की ओर से खेल महाकुंभ में 2 से 4 अगस्त तक टेनिस स्पर्धा का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेशभर से चोटी के 230 पुरुष व महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन के दिन फाइनल व अन्य मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग में यमुनानगर की टीम का फाइनल मुकाबला रोहतक के साथ हुआ। यमुनानगर ने रोहतक की टीम को 2-1 के स्कोर से हराया। रोहतक को उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा। इसके अलावा तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में सोनीपत ने जींद को 2-1 से हरा दिया।
जिला खेल अधिकारी मनोज यादव ने बताया कि महिला वर्ग में फाइनल मुकाबला सोनीपत व करनाल की टीमों के बीच खेला गया। इसमें सोनीपत की टीम ने करनाल को एकतरफा मुकाबले में 2-0 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में यमुनानगर ने कुरुक्षेत्र को 2-0 से शिकस्त दी। कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि सरकार की दूरदर्शी खेल नीतियों और ‘मिशन ओलम्पिक 2036’ की तैयारियों के चलते प्रदेश एक वैश्विक खेल शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है।
