हरियाणा ओलम्पिक संघ ने जीवंत किया प्रदेश का खेल इतिहास

ओलम्पिक भवन में लगाए गए 126 नामचीन खिलाड़ियों के फोटो
पदमश्री, खेल रत्न, द्रोणाचार्य और अर्जुन अवार्ड़ी खिलाड़ियों की जानकारी जुटाई
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़। हरियाणा ओलम्पिक संघ ने प्रदेश के नये खिलाड़ियों को पुराने और नामचीन खिलाड़ियों से रूबरू करवाने का बीड़ा उठाया है। पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित हरियाणा ओलम्पिक भवन में अभी तक संघ द्वारा 126 खिलाड़ियों के फोटो लगाए जा चुके हैं। पहले चरण में उन खिलाड़ियों को शामिल किया है, जो पदमश्री, खेल रत्न, द्रोणाचार्य और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं।
दूसरे चरण में भीम अवार्डी खिलाड़ियों के फोटो ओलम्पिक भवन में लगाए जाएंगे। ओलम्पिक संघ ने खिलाड़ियों की जानकारी व फोटो जुटाने में कड़ी मेहनत की है। हरियाणा ओलम्पिक संघ 1967 से लेकर अभी तक के अधिकांश अवार्डी खिलाड़ियों के फोटो लगाने में कामयाब रहा है। बड़ी बात यह है कि इनमें से कई खिलाड़ियों का डाटा खेल विभाग के पास भी नहीं है, लेकिन फिर भी एचओए ने यह जानकारी जुटाने में सफलता हासिल की है।
पुराने और अवार्डी खिलाड़ियों के फोटो इसीलिए लगाए गए हैं ताकि ओलम्पिक भवन में आने वाले नये व युवा खिलाड़ी उनसे प्रेरणा ले सकें। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे कपिल देव, वालीबाल के दलेल सिंह, भीम सिंह, महावीर सिंह, नीरज चोपड़ा, मनु भाकर, गीतिका जाखड़, योगेश्वर दत्त, सरदार संदीप सिंह आदि खिलाड़ी इस लिस्ट में शामिल हैं। अब ओलम्पिक संघ भीम अवार्डी खिलाड़ियों की भी लिस्ट तैयार करवा रहा है। साथ ही, इनके फोटो जुटाए जा रहे हैं। अहम बात यह है कि ओलम्पिक संघ ने सभी खिलाड़ियों के लाइव फोटो जुटाने की कोशिश की है।
हरियाणा ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा ओलम्पिक भवन का जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से इस भवन की ओर ध्यान नहीं दिए जाने की वजह से यह पूरी तरह से जर्जर हो गया था। पूरी बिल्डिंग के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए शौचालय को नये सिरे से ठीक करवाया जा रहा है। ओलम्पिक भवन में खिलाड़ियों के बैठने के अलावा स्टॉफ और संघ पदाधिकारियों के लिए कमरों को अपग्रेड किया गया है।
एचओए के अध्यक्ष कप्तान जसविंद्र सिंह ‘मीनू बेनीवाल’ ने बताया कि हरियाणा ओलम्पिक संघ की कोशिश है कि प्रदेश के युवा व नये खिलाड़ियों को पुराने व अनुभवी खिलाड़ियों से रूबरू करवाया जाए। इसी सोच के साथ 1967 से लेकर अभी तक के उन सभी खिलाड़ियों के फोटो ओलम्पिक भवन में लगाए गए हैं, जो खेल रत्न, पदमश्री, द्रोणाचार्य और अजुर्न अवार्डी हैं। दूसरे चरण में भीम अवार्डी खिलाड़ियों के फोटो लगाए जाएंगे।