क्रिकेटर रिंकू सिंह-सपा सांसद प्रिया सरोज की हुई सगाई

समारोह में अखिलेश, जया बच्चन, राजीव शुक्ला सहित कई हस्तियां पहुंचीं
खेलपथ संवाद
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश की मछली शहर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद प्रिया सरोज की रविवार को लखनऊ में सगाई हुई। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक होटल में आयोजित भव्य सगाई समारोह में क्रिकेट, राजनीति और सिनेमा जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। क्रीम कलर की शेरवानी पहने रिंकू सिंह और हल्के गुलाबी रंग के लहंगे में सजी प्रिया कार्यक्रम में मौजूद लोगों की मुबारकबाद और अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच पर पहुंचे और उन्होंने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इस दौरान प्रिया खासी भावुक नजर आईं।
प्रिया सरोज के पिता और जौनपुर की केराकत सीट से सपा के विधायक और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने बताया कि इस अवसर पर सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव, पार्टी मुख्य महासचिव रामगोपाल यादव, महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सपा सांसद अवधेश प्रसाद और मोहिबुल्लाह नदवी, भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सपा राज्यसभा सदस्य अभिनेत्री जया बच्चन और पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी प्रवीण कुमार और पीयूष चावला समेत अनेक हस्तियां मौजूद थीं। अयोध्या से सपा के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि उन्होंने रिंकू और प्रिया की सगाई पर उन्हें आशीर्वाद दिया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि इस खास कार्यक्रम में शाकाहारी व्यंजन ही परोसे गये। इस हाई प्रोफाइल सगाई में लगभग 300 मेहमान शामिल हुए।
वाराणसी के करखियांव गांव की मूल निवासी प्रिया सरोज कई वर्षों से समाजवादी पार्टी (सपा) में सक्रिय हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में जौनपुर जिले के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से जीतकर सांसद बनीं। प्रिया ने दिल्ली विश्वविद्यालय से कला में डिग्री हासिल की है और नोएडा के एमिटी विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री प्राप्त की है। प्रिया के होने वाले जीवनसाथी क्रिकेटर रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्तूबर 1997 को अलीगढ़ में हुआ था। बेहद साधारण परिवार में जन्मे रिंकू ने मेहनत और लगन के दम पर क्रिकेट में अपना मुकाम बनाया है।