खेलो इण्डिया यूथ गेम्स में एमपी के खिलाड़ियों का जलवा

पदकतालिका में छह स्वर्ण सहित कुल 14 पदकों के साथ चौथा स्थान
खेलपथ संवाद
पटना। बिहार में चल रहे खेलो इण्डिया यूथ गेम्स- 2025 में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अभी तक इन खेलों की पदक तालिका में महाराष्ट्र शीर्ष पर तो राजस्थान दूसरे, कर्नाटक तीसरे तथा मध्य प्रदेश चौथे स्थान पर है। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अभी तक आठ स्वर्ण, तीन रजत, तीन कांस्य सहित कुल 14 पदक अपनी झोली में डाले हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सातवें संस्करण में अभी तक महाराष्ट्र 16 स्वर्ण, 12 रजत तथा 14 कांस्य पदक सहित कुल 42 पदक जीत चुका है। राजस्थान नौ स्वर्ण, तीन रजत, चार कांस्य सहित कुल 16 पदक जीतकर दूसरे तथा कर्नाटक आठ स्वर्ण, 12 रजत, तीन कांस्य सहित कुल 23 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर है। मध्य प्रदेश चौथे स्थान पर है। इन खेलों में पंजाब चार स्वर्ण सहित कुल 16 पदक जीतकर पांचवें, चंडीगढ़ चार स्वर्ण सहित कुल आठ पदक जीतकर छठे, हरियाणा तीन स्वर्ण सहित कुल 16 पदक जीतकर सातवें स्थान पर है।
खेलो इण्डिया यूथ गेम्स में बुधवार को मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखम्भ में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक आपने नाम किया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मलखम्भ में कुल नौ स्वर्ण पदक दांव पर हैं। अब तक सात स्वर्ण पदक के मुकाबले हुए, जिसमें मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण पदक अर्जित किये हैं। अभी दो स्वर्ण पदकों के मुकाबले होना शेष हैं।
बुधवार को खेले गए मुकाबले में मध्य प्रदेश के देवेन्द्र पाटीदार ने अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन देते हुए, आलराउंड व्यक्तिगत बालक वर्ग में स्वर्ण, पोल मलखम्भ व्यक्तिगत बालक वर्ग में स्वर्ण, हैंगिंग मलखम्ब व्यक्तिगत बालक वर्ग में स्वर्ण और रोप मलखम्ब व्यक्तिगत बालक वर्ग में रजत पदक सहित कुल तीन स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। ऑलराउंड व्यक्तिगत बालक वर्ग में मध्य प्रदेश के यतिन कोरी ने रजत पदक आपने नाम किया। मलखम्भ में ही ऑलराउंड व्यक्तिगत बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की सिद्धि गुप्ता ने अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। मलखम्भ के पोल मलखम्भ व्यक्तिगत बालक वर्ग मुकाबले में मध्य प्रदेश के यतिन कोरी ने कांस्य पदक जीता।
शूटिंग मुकाबलों में शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत बालक वर्ग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के सैयद आयन अली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक आपने नाम किया वहीं मध्य प्रदेश की पूनम रघुवंशी ने शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक अर्जित किया। गतका में फरी सोट्टी टीम प्रतियोगिता बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की मनप्रीत कौर, माही पटेल और वैष्णवी शर्मा की टीम ने कड़े मुकाबले के बाद कांस्य पदक अपने नाम किया वहीं, जुडो में 52 किलोग्राम व्यक्तिगत बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की नैंसी कुंडू ने रजत पदक अपने नाम किया। उल्लेखनीय है कि इन खेलों में मध्य प्रदेश के 176 खिलाड़ी और 53 सपोर्ट स्टॉफ सहित कुल 229 सदस्यीय दल सहभागिता कर रहा है।