देश के दिल दिल्ली में जमीं क्रिकेट सितारों की महफिल

नमन अवॉर्ड्स 2026 में महिला खिलाड़ियों ने लूटी महफिल

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स 2026 समारोह में क्रिकेट सितारों की शानदार महफिल सजी। इस खास मौके पर जहां मैदान पर अपने प्रदर्शन से चमकने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, वहीं रेड कार्पेट पर महिला क्रिकेटरों की खूबसूरती और स्टाइल ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। समारोह में भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर हरलीन देओल समेत कई खिलाड़ियों ने अपनी शानदार मौजूदगी से महफिल में चार चांद लगा दिए। उनकी खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही हैं।

इस ग्लैमरस माहौल के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और दिग्गजों को सम्मानित किया। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को बीसीसीआई के प्रतिष्ठित ‘पॉली उमरीगर क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं, महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा। उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए करियर में पांचवीं बार ‘सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार दिया गया।

आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली टीमों को भी मिला सम्मान

नमन अवॉर्ड्स 2026 के मंच पर भारत की हालिया आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली टीमों को भी खास तौर पर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 विजेता टीम, पुरुष अंडर-19 विश्व कप 2026 विजेता टीम, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 विजेता टीम, महिला वनडे विश्व कप 2025 विजेता टीम, पुरुष टी20 विश्व कप 2026 विजेता टीम को बुलाकर उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सराहा गया।

रिलेटेड पोस्ट्स