भारत ने मेजबान श्रीलंका से पहला टेस्ट 165 रन से जीता
मानव सुथार ने 10 विकेट अपने नाम किए, देवदत्त पडिक्कल की शानदार बल्लेबाजी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन बुधवार को भारतीय टीम ने श्रीलंका को 165 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मेहमान टीम ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के साथ भारत ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप-2025-27 प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति में थोड़ा सुधार किया है। भारत की इस जीत के हीरो देवदत्त पडिक्कल और मानव सुथार रहे।
पिछले साल नवम्बर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में 0-2 से मिली हार के बाद आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में अपनी वापसी करते हुए शुभमन गिल की टीम ने बारिश से प्रभावित टेस्ट मैच के आखिरी दिन जीत हासिल की। शनिवार को टॉस जीतकर गिल ने धीमी और स्पिन के अनुकूल पिच पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
नम्बर 3 पर बल्लेबाजी करने वाले देवदत्त पडिक्कल के पहले टेस्ट शतक (167 रन) की बदौलत भारत ने 462 रन बनाए, जबकि मेजबान टीम 284 रन ही बना सकी और इस तरह भारत को पहली पारी में 178 रनों की बढ़त मिली। पहले चार दिनों में बारिश की वजह से कई ओवर का खेल खराब होने के बावजूद भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा।
मेजबान टीम दूसरी पारी में 206 रन ही बना सकी। भारत की ओर से मानव सुथार ने 10 विकेट अपने नाम किए। मौजूदा साइकिल में भारत ने 10 टेस्ट खेले हैं और उनकी यह पांचवीं जीत है। पिछले साल अहमदाबाद में वेस्टइंडीज को हराने के बाद यह उसकी पहली जीत थी। भारत का पॉइंट्स प्रतिशत थोड़ा बढ़कर 48.14 से 53.33 हो गया। जीत के बावजूद भारतीय टीम स्टैंडिंग में ऑस्ट्रेलिया (77.77), दक्षिण अफ्रीका (75.00), न्यूजीलैंड (72.22) और बांग्लादेश (66.67) के बाद पांचवें स्थान पर है।
श्रीलंका टीम प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है। पांच मैचों में अपनी दूसरी हार के बाद उनका पीसीटी गिरकर 33.33 हो गया है। भारत और श्रीलंका के बीच 23 अगस्त से दूसरा टेस्ट मैच होगा। यह मुकाबला सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब, कोलम्बो में खेला जाएगा।
