भारत ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में जापान को हराया
सुखजीत और अभिषेक ने दो मिनट में दो गोल किए
खेलपथ संवाद
हुलुनबुइर (चीन)। भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 के दूसरे मुकाबले में जापान को हरा दिया। सोमवार को हुलुनबुइर में खेले गए मैच में पेरिस ओलम्पिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट टीम ने 5-1 से शानदार जीत दर्ज की। अपने पहले मुकाबले में रविवार को भारत ने मेजबान चीन को 3-0 से हराया था। भारत का अगला मुकाबला 11 सितम्बर को मलेशिया से होगा।
डिफेंडिंग चैम्पियन भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने 2 अभिषेक, संजय और उत्तम सिंह ने 1-1 गोल किया। जबकि जापान की तरफ से काउंटर अटैक में मात्सुमोतो काजुमासा ने गोल किया।भारतीय टीम ने इस मुकाबले के शुरुआती दो मिनट में ही दो गोल दागकर जापान को बैकफुट पर भेज दिया। टीम के लिए सुखजीत सिंह ने पहला और अभिषेक ने दूसरा गोल किया। टीम ने शुरुआती दोनों गोल फील्ड गोल किए। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत भी गोल के साथ हुई। मैच के 17वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। जिसे संजय ने गोल में तब्दील कर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया।
शुरुआती दो क्वार्टर में कई मौके गंवाने के बाद आखिरकार तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में जापान ने अपना पहला गोल किया। मात्सुमोतो काजुमासा ने मैच के 41वें मिनट में फील्ड गोल कर अपनी टीम का खाता खोला। भारतीय टीम इस क्वार्टर में कोई गोल नहीं कर सकी। आखिरी क्वार्टर में भारत ने मैच को एकतरफा कर दिया। उत्तम और सुखजीत ने एक के बाद एक दो गोल किए। मैच के 54वें मिनट में उत्तम सिंह ने फील्ड गोल किया। जबकि मैच के आखिरी मिनट में सुखजीत सिंह ने मैच में अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत की बढ़त को 5-1 कर दिया।
एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के पॉइंट्स टेबल पर भारत पहले नम्बर पर है। उसके दो मैच में दो जीत के साथ 6 पॉइंट्स हैं। दूसरे नंबर पर दक्षिण कोरिया है, उसके 2 मैच में दो हार के साथ दो पॉइंट्स हैं। ये 2 पॉइंट्स कोरिया को बाकी टीम से गोल डिफरेंस कम होने की वजह से मिला है। पाकिस्तान दो पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। भारतीय हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैम्पियन है। भारत ने चार और पाकिस्तान ने तीन बार खिताब जीता है। वहीं 2021 में साउथ कोरिया ने टाइटल जीता था।
हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम ने हाल ही में खत्म हुए पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। भारतीय टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में स्पेन को 2-1 से मात दी थी। यह इंडियन टीम का ओलिंपिक में लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल था। टोक्यो ओलिंपिक में भी टीम ने जर्मनी को हराकर ब्रॉन्ज जीता था।