पेरिस में दम दिखाने को दिग्गज खिलाड़ी तैयार

ओलम्पिक खेलों में कई सितारों का दावा बेहद मजबूत
खेलपथ संवाद
पेरिस।
दुनिया भर के दिग्गज एथलीटों का मेला पेरिस में लग चुका है। कई खिलाड़ियों की तो उपलब्धियां और रुतबा इतना बड़ा है कि उनका भाग लेना ही पदक की गारंटी माना जा रहा है। भारत के अलावा अन्य देशों के खिलाड़ियों की बात करें तो इनमें स्वीडन के बांसकूद खिलाड़ी आर्मंड मोंडो डुप्लेंटिस से लेकर अमेरिकी जिमनास्ट सिमोन बाइल्स शामिल हैं। 
मैराथन धावक केन्या के किपचोगे हैं तो अमेरिकी तैराक कैटी लेडेकी भी हैं। कई दिग्गज एथलीटों का यह अंतिम ओलम्पिक माना जा रहा है इनमें बास्केटबाल स्टार अमेरिका के लेब्रोन जेम्स, जमैका की धाविका शैली एन फ्रेजर प्राइज और टेनिस स्टार राफेल नडाल शामिल हैं। ऐसे में युवाओं के साथ उनकी अच्छी होड़ देखने को मिल सकती है। पेरिस में 206 देशों के साढ़े 10 से ज्यादा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं, पदकों के लिए कड़ी होड़ होगी लेकिन कुछ खास सितारों का दावा बेहद मजबूत माना जा रहा है।
जमैका की तीन बार की ओलम्पिक चैम्पियन और आठ बार की पदक विजेता शैली एन फ्रेसर प्राइज को 37 साल की होने के बावजूद कम करके नहीं आंका जा सकता। उनके पेरिस में 100 मीटर में हिस्सा लेने की सम्भावना है। 200 मीटर में उनका भाग लेना निश्चित नहीं है। यह उनका अंतिम ओलम्पिक माना जा रहा है और वह कोई कोर-कसर नहीं रखेंगी। बीजिंग से शुरू हुई उनकी ओलम्पिक यात्रा में उन्होंने अब तक तीन स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक जीता है। 
अमेरिका की 100 और 200 मीटर रेस की 24 साल की धाविका शकारी रिचर्ड्सन पिछली बार टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही थीं, लेकिन डोप टेस्ट में विफल रहने के कारण उन्हें टीम से हटा दिया गया था। पिछले साल बुडापेस्ट में हुई विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली एथलीट पेरिस में पदक जीतना चाहेंगी। बुडापेस्ट में उन्होंने फर्राटा रेस के अलावा चार गुणा 100 मीटर रिले में भी स्वर्ण जीता था। 
तैराकी में लेडेकी की निगाह 11वें ओलम्पिक पदक पर
अमेरिका की 27 साल की तैराक कैटी लेडेकी का यह चौथा ओलम्पिक होगा। वह लंदन 2012, रियो डि जेनेरियो 2016 और टोक्यो ओलम्पिक 2020 के तीन ओलम्पिक में 10 पदक जीत चुकी हैं जिसमें सात स्वर्ण और तीन रजत पदक हैं। उन्होंने फ्री स्टाइल की 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर में क्वालीफाई कर लिया है। उनके पेरिस में अपने ओलम्पिक पदकों की फेहरिस्त में और इजाफा करने की पूरी उम्मीद है।
अमेरिकी जिम्नास्ट बाइल्स में बड़ा बल
अपने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर अमेरिका की 27 साल की दिग्गज जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स ने टोक्यो में सिर्फ बैलेंस बीम स्पर्धा में भाग लिया था जहां उन्हें केवल कांस्य से संतोष करना पड़ा था। उन्होंने टीम स्पर्धा में रजत पदक दिलाने में भूमिका निभाई थी। रियो में उन्होंने चार स्वर्ण सहित पांच पदकों पर कब्जा किया था। पिछले साल विश्व चैम्पियनशिप में चार स्वर्ण पदक के साथ उन्होंने संकेत दिया है कि पेरिस में फिर वह रियो ओलम्पिक वाला कमाल दिखा सकती हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स