ग्रास कोर्ट पर 21 साल के अल्काराज ने रचा इतिहास

तोड़ा जोकोविच का सपना, जीता विम्बलडन का खिताब
खेलपथ संवाद
लंदन।
दुनिया भर की नजरें जिस मुकाबले पर थीं उसे 21 साल के स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने एकतरफा बना दिया। पूर्व नम्बर एक और 23 ग्रैंड स्लैम विजेता सर्बिया के नोवाक जोकोविच को डिफेंडिंस चैम्पियन ने मैच में टिकने ही नहीं दिया। बिल्कुल आसानी से लगातार दो सेट जीतने के बाद टाईब्रेकर में तीसरा सेट जीतकर स्पेन के युवा सनसनी ने धमाका कर दिया।
ग्रास कोर्ट पर कार्लोस अल्काराज ने दिग्गज नोवाक जोकोविच को 6-2, 6-2, 7-6 से पराजित कर चौथा ग्रैंड स्लैम अपने नाम किया। हम कह सकते हैं कि सर्बिया के नोवाक जोकोविच के 24वें ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने तोड़ दिया। चोट के बाद वापसी कर रहे इस धुरंधर खिलाड़ी को 21 साल के युवा ने टिकने का मौका ही नहीं दिया। मैच का नतीजा देखने के बाद सबकुछ साफ हो जाता है। 21 साल के अल्कारेज अपने सारे फाइनल को जीतने का रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए एक और ग्रैंड स्लैम अपने नाम किया। इससे पहले ग्रास, क्ले और हार्ड कोर्ट पर ग्रैंडस्लैम ट्रॉफी जीतने वाले अल्कारेज सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। अल्कारेज ने अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब साल 2022 में यूएस ओपन के तौर पर जीता था।
अगले ही साल 2023 में विम्बलडन खिताब जीता और फिर फ्रेंच ओपन को भी अपने नाम कर लिया। स्पेन के अल्काराज एटीपी रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने वाले और ग्रास, क्ले और हार्ड कोर्ट पर खिताब जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। 22 साल की उम्र से पहले दो विम्बलडन खिताब जीतने वाले अब अल्काराज बोरिस बेकर और ब्योर्न बोर्ग के बाद तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
शुरुआत से ही स्पेन के अल्काराज सर्बिया के नोवाक जोकोविच पर हावी नजर आए। पहले सेट में इस पूर्व नम्बर एक खिलाड़ी को उन्होंने टिकने का मौका नहीं दिया और 6-2 से इसे अपने नाम किया। दूसरे सेट में भी नजारा ऐसा ही था। इसे भी अल्काराज ने 6-2 से अपने नाम किया। तीसरे सेट में नोवाक ने वापसी का संघर्ष किया और इसे टाईब्रेकर तक ले जाने में कामयाब हुए लेकिन यह काफी नहीं था। अल्काराज ने आखिरी सेट 7-6 से अपने नाम कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।

रिलेटेड पोस्ट्स