विनेश फोगाट को नहीं अंतिम पंघाल को मिली चौथी वरीयता

पहली बार ओलम्पिक कुश्ती में दी गई पहलवानों को वरीयता
प्रतिभाशाली पुरुष पहलवान अमन सहरावत को छठी वरीयता मिली
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
पेरिस ओलम्पिक का आयोजन कुछ ही दिनों में होगा और उससे पहले कुश्ती स्पर्धाओं के लिए वरीय खिलाड़ियों की घोषणा कर दी गई है। यह पहली बार है जब ओलम्पिक में कुश्ती में वरीयता दी गई है। भारतीय पहलवान और विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल और प्रतिभाशाली पुरुष पहलवान अमन सहरावत को उनके संबंधित भार वर्गों में चौथी और छठी वरीयता मिली है। इसका मतलब है कि इन दो पहलवानों को शुरुआती मुकाबलों में कठिन प्रतिद्वंद्वियों का सामना नहीं करना होगा। पेरिस ओलम्पिक का आयोजन 26 जुलाई से होगा। 
ओलम्पिक में वरीयता का फैसला 2023 विश्व चैम्पियनशिप, 2024 महाद्वीपीय चैम्पियनशिप के साथ जाग्रेब और बुडापेस्ट में रैंकिंग श्रृंखला में पहलवानों के प्रदर्शन के आधारित है। अंतिम महिला 53 किलोग्राम और अमन पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम वर्ग में चुनौती पेश करेंगे। कुश्त प्रतियोगिताएं पांच अगस्त को शुरू होंगी और खेलों के आखिरी दिन 11 अगस्त को समाप्त होंगी।
महिलाओं के 50 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाली स्टार भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को कोई वरीयता नहीं मिली है। इस वरीयता ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि अंतिम को पदक दौर से पहले जापान की शीर्ष दावेदार अकारी फुजिनामी और चीन की कियानयु पांग से मुकाबला नहीं करना पड़ेगा। फुजिनामी दो बार की विश्व चैम्पियन हैं, जबकि पांग ने टोक्यो ओलम्पिक में रजत पदक हासिल किया था। ओलम्पिक में अंशू मलिक (महिला 57 किलोग्राम), निशा दहिया (महिला 68 किलोग्राम) और रितिका हुडा (महिला 76 किलोग्राम) भी भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगी। पदक दौर शुरू होने से पहले अमन को जापान के री हिगुची या आर्मेनिया के आर्सेन हारुत्युन्यान से भिड़ना पड़ सकता है। अमन को हंगरी रैंकिंग सीरीज में हिगुची से हार का सामना करना पड़ा था। हिगुची रियो 2016 की रजत पदक विजेता और 2022 विश्व चैम्पियन हैं। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स