शूटआउट में हरियाणा ने मध्यप्रदेश को 3-2 से हराया

हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने मिजोरम को 2-0 से रौंदा
राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग का पहला चरण समाप्त
खेलपथ संवाद
रांची।
हॉकी हरियाणा ने राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग 2024 (चरण 1) के 10वें दिन हॉकी मध्य प्रदेश को शूटआउट में 3-2 से हराया, जबकि हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी मिजोरम को 2-0 से पराजित किया। गुरुवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में निर्धारित समय की समाप्ति तक हरियाणा और मध्य प्रदेश की टीमें गोलरहित बराबरी पर थीं, बाद में शूटआउट में हॉकी हरियाणा ने हॉकी मध्य प्रदेश को हराकर उसे लीग में तीसरी पराजय के लिए मजबूर कर दिया।
रांची में हुई पहली राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग के अंतिम दिन गुरुवार को हरियाणा की महिला हॉकी टीम ने हॉकी मध्यप्रदेश को शूटआउट में 3-2 से हराकर जीत हासिल की है। हरियाणा टीम की ओर से हिसार की पिंकी व शशि खासा ने एक-एक गोल किया है जबकि तीसरा गोल सोनीपत की मंजू ने दागा। सोनीपत की गोलकीपर इशिका ने दो गोल बचाए। हिसार की शशि खासा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। हरियाणा टीम में हिसार से 10 बेटियाें ने अपनी स्टिक का कमाल दिखाया। इनमें कप्तान नीलम, ज्योति, प्रीति, पूजा मलिक, कीर्ति, मनीषा, भतेरी, पिंकी, शशि खासा और सीमा शामिल हैं। वहीं, टीम में सोनीपत और शाहबाद की बेटियाें ने भी मिले अवसरों का खूब लाभ उठाया।
हरियाणा टीम के कोच अनिल डबास ने बताया कि अंतिम समय तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर पाईं। उसके बाद शूटआउट करवाया गया। इसमें हरियाणा की टीम ने कमाल दिखाते हुए लीग का अंतिम मैच जीत लिया। दोनों टीमों ने कड़ी मेहनत की, लेकिन नेट पर गोल करने के अपने मौकों को भुनाने में सफल नहीं हो सकीं। हॉकी मध्य प्रदेश को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि हॉकी हरियाणा को चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने का मौका मिला लेकिन उनमें से कोई भी गोल में तब्दील नहीं हुआ। शूटआउट में हॉकी हरियाणा के लिए मंजू चौरसिया, पिंकी और खासा शशि ने गोल किए जबकि हॉकी मध्य प्रदेश के लिए करमनप्रीत कौर और स्वाति ने गोल दागे। इशिका ने हॉकी हरियाणा के लिए तीन गोल बचाकर जीत दिलाने में मदद की।
लीग में सात में से हरियाणा टीम ने छह मैचों में बेहतर अंकों के साथ जीत हासिल की। हरियाणा की टीम लीग का पहला मुकाबला ओडिशा से हार गई थी, उसके बाद हरियाणा टीम ने हर मुकाबला जीतने में सफलता हासिल की। हरियाणा की हॉकी बेटियों ने कुल 17 गोल दागे। मध्य प्रदेश की जहां तक बात है उसने लीग का फर्स्ट फेज समाप्त होने तक चार मुकाबले जीते और उसे तीन मुकाबलों में पराजय का सामना करना पड़ा। मध्य प्रदेश को मेजबान झारखंड, मिजोरम तथा हरियाणा से पराजय का सामना करना पड़ा। 
दिन के दूसरे मैच में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी मिजोरम को 2-0 से हराया। पहला क्वार्टर गोलरहित रहा लेकिन प्रतिभा एक्का (25') ने दूसरे क्वार्टर में फील्ड गोल करके ओडिशा हॉकी एसोसिएशन को बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं हुआ और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा अंतिम क्वार्टर में 1-0 से आगे थी। अंतिम क्वार्टर में करुणा मिंज (52') ने फील्ड गोल करके अपनी बढ़त दोगुनी कर दी और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने 2-0 से गेम जीत लिया। अब दूसरा फेज कहां और कब होगा, अभी फाइनल नहीं हो पाया है। जल्द ही घोषणा होगी। 
हरियाणा टीम में शामिल इन बेटियों ने दागे गोल
- हिसार से शशि खासा ने: 6 गोल
- हिसार से पूजा ने 1 गोल
- हिसार से पिंकी ने 5 गोल
- सोनीपत से रीतिका ने 3 गोल
- सोनीपत से नंदिनी ने 1 गोल
- हिसार से नीलम ने 3 गोल
- सोनीपत से मंजू ने 4 गोल
- शाहबाद से सुखप्रीत ने 1 गोल
- हिसार से कृति ने 1 गोल
- हिसार से भतेरी ने 1 गोल 

 

रिलेटेड पोस्ट्स