हरियाणा नेटबॉल के दोनों वर्गों में बना ओवरऑल चैम्पियन

67वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता, आयोजन की प्रशंसा हुई 
खेलपथ संवाद
रेवाड़ी।
शहर के पटौदी रोड स्थित यदुवंशी शिक्षा निकेतन में हुई 67वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के नेटबॉल अंडर-19 के लड़के तथा लड़कियों के वर्गों में मेजबान हरियाणा की टीम विजेता रही। दोनों ही वर्गों में दिल्ली की टीम उपविजेता बनी। लड़कों के वर्ग में पंजाब तथा लड़कियों के वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 
मुख्य अतिथि एसडीएम विकास यादव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि खेल विभाग के उपनिदेशक सतबीर सिंह थे। अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह खनगवाल ने की। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कपिल पूनिया ने स्वागत अध्यक्ष की भूमिका निभाई। इस अवसर पर दिल्ली टीम के मैनेजर प्रवीण नागर तथा छत्तीसगढ़ के कोच शरद कुमार ने आयोजन समिति द्वारा किए गए कुशल प्रबंधन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि 26 अप्रैल से प्रारंभ हुई 67वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में 19 टीमों के करीब 500 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
संचालन साहित्यकार एवं प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया ने किया। कोच चरणसिंह, एईओ भूपेंद्र यादव, एईईओ सुनील कुमार, सतपाल डीपीई ने विभिन्न प्रभार संभाले। इस अवसर पर यदुवंशी शिक्षा निकेतन तथा प्रथम इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंधन समिति को कुशल संयोजन हेतु विशेष रूप से अलंकृत किया गया। इस मौके पर महोत्सव के ऑब्जर्वर धर्मेंद्र सक्सेना, सिविल सर्जन डा. सुरेंद्र यादव, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, एसडीई रामनिवास, खंड शिक्षा अधिकारी, सत्यपाल धूपिया अरविंद यादव, राकेश वत्स, करण सिंह, राजेश कौशिक, डा. आरएन सिंह, मुकेश कुमारी, राजेंद्र सिंह, हिमांशु यादव, डा. दुष्यंत, अजय शर्मा, सुरेंद्र सिंह, उमेद सिंह, ईश्वर सिंह, सरोज डीपीई आदि मौजूद रहे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स