हरियाणा की मणिपुर पर 8-0 से शानदार जीत

राष्ट्रीय महिला हॉकी लीगः महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और झारखंड भी जीते
खेलपथ संवाद
रांची।
राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग 2024 के पहले चरण के दूसरे दिन आठ टीमों के बीच कुल 4 मैच खेले गए। इस दौरान हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और झारखंड ने अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की। हरियाणा ने मणिपुर को 8-0 से, महाराष्ट्र ने मिजोरम को 3-0 से, मध्य प्रदेश ने ओडिशा को शूटआउट में 3-2 से तथा मेजबान झारखंड ने बंगाल को 2-0 से पराजित किया।
हरियाणा और मणिपुर के बीच हुए एकतरफा मुकाबले में पूजा (2) ने शुरुआत में ही गोल कर दिया, जबकि हॉकी हरियाणा की ओर से रितिका (17, 29), मंजू चौरसिया (20) और भटेरी (37) ने तीसरे क्वार्टर तक लगातार अटैकिंग खेल जारी रखा। अंतिम क्वार्टर में शशि खासा (49, 50, 56) ने अपने शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए एक हैट्रिक बनाई, जिसने मणिपुर की कमजोर रक्षापंक्ति को उजागर कर दिया. पहला मुकाबला हारने के बाद हरियाणा ने दूसरे मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की।
दिन के दूसरे मुकाबले में महाराष्ट्र ने भी शुरू से अंत तक अपना दबदबा कायम रखते हुए मिजोरम पर 3-0 से शानदार जीत हासिल की। महाराष्ट्र ने की तनुश्री दिनेश कडू (13) ने पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में बदलकर महाराष्ट्र का खाता खोला। इसके बाद मोनिका तिर्की (26) ने महाराष्ट्र के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर के ज़रिए दूसरा गोल किया। जिसके बाद कप्तान अश्विनी कोलेकर (50) ने एक शानदार फील्ड गोल करके विजयी गोल दागा। मिजोरम की लड़कियों ने पेनल्टी कॉर्नर सहित कुछ मौके बनाए लेकिन वे इसका पूरा फ़ायदा उठाने में विफल रहीं और अंत में मैच हार गईं।
लीग का तीसरा मुकाबला मध्य प्रदेश और ओडिशा की महिला टीमों के बीच खेला गया। यह मैच फुल टाइम तक 2-2 की बराबरी पर छूटा। इसके बाद इस मैच का फैसला शूटआउट में निकला। शूटआउट में मध्य प्रदेश की ओर से 3 और ओडिशा की ओर से 2 गोल किए गए। इस मैच में मध्य प्रदेश की स्वाति (22) और आश्रिता ठाकुर (59) ने गोल किए वहीं, ओडिशा के लिए तनुजा टोप्पो (34) और द्रुपति नाइक (51) ने गोल कर टीम को बराबरी दिलाई थी।
दूसरे दिन के चौथे मुकाबले में मेजबान झारखंड की टीम ने बंगाल को 2-0 से धूल चटा दी। इस मैच में झारखंड के लिए डुंगडुंग स्वीटी ने फील्ड गोल किया तो प्रमोदनी लाकड़ा ने पेनल्टी कॉर्नर के तहत गोल कर टीम को पहले हाफ में 2-0 से आगे कर दिया। इसके बाद दूसरे हाफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई और झारखंड की टीम ने 2-0 से बंगाल को हरा दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स