बृजभूषण को टिकट मिला तो करेंगे विरोधः विनेश फोगाट

अब देश के लिए पेरिस ओलम्पिक में मेडल जीतना ही लक्ष्य
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
किर्गिस्तान के बिश्केक से देश के लिए ओलम्पिक कोटा हासिल कर लौटीं स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि अब देश के लिए पेरिस ओलम्पिक में मेडल जीतना ही लक्ष्य है। साथ ही कहा कि भाजपा नेता बृजभूषण को चुनावी टिकट दिया जाएगा तो सीधा संदेश होगा कि वह सही कर रहा है। हम उसका विरोध करेंगे। 
विनेश ने आशंका जताई कि पावर मिलने पर वह जांच को प्रभावित करेंगे। हालांकि, विनेश ने न्याय पालिका पर पूरा भरोसा जताया। विनेश ने कहा कि बृजभूषण का तो सामाजिक और राजनीतिक बहिष्कार होना चाहिए। वह अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करके बचता जा रहा है। अगर उसके पास शक्तियां नहीं होंगी तो निष्पक्ष जांच होगी, हमें न्याय पालिका पर पूरा भरोसा है कि हमें न्याय मिलेगा और आरोपी को सजा मिलेगी। किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि किसान जायज मांगों को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। विनेश फोगाट बुधवार को खरखौदा स्थित अपने घर पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
विनेश ने कहा कि ओलम्पिक में जाने के लिए पहले ट्रायल होगा या नहीं, यह तो पता नहीं, लेकिन वह पूरी तरह से तैयारी में लगी हैं। उन्होंने कहा कि देश के लिए 50 किलो भारवर्ग में कोटा जीतकर काफी खुशी मिली है। अचानक भार कम कर लड़ना उनके लिए शारारिक और मानसिक तौर पर मुश्किल था, लेकिन उन्होंने कड़ी मेहनत कर उसे आसान कर दिया। 
वह वर्ष 2016 रियो ओलम्पिक में चोटिल होने के कारण देश को मेडल नहीं दिला सकी थीं और वर्ष 2020 टोक्यो ओलम्पिक में भी जीत दर्ज नहीं कर पाई थीं। कुश्ती में कोटा देश को मिलता है, खिलाड़ी को नहीं। ट्रायल तो नियम के अनुसार होगा। हालांकि वह हर स्थिति के लिए तैयार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओलम्पिक में सभी पहलवान मेडल अवश्य लेकर आयेंगे।
सोनीपत पहुंची फोगाट ने कहा कि पिछले एक से दो साल में उनकी कुश्ती प्रभावित हुई है, लेकिन उसके बावजूद भी वो एक बार फिर मेट पर अच्छा प्रदर्शन कर पाईं। इसके लिए उन्होंने देशवासियों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि देशवासियों की दुआ मेरे साथ थी। जब भी कोई खिलाड़ी देश के लिए ओलम्पिक मेडल जीतता है तो पूरे देश को खुशी होती है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स