चले हुए कारतूस नहीं, हीरा है विनेश बेटीः महाबीर फोगाट

विनेश फोगाट के पेरिस ओलम्पिक टिकट पर ताऊ की प्रतिक्रिया
खेलपथ संवाद
चरखी दादरी।
हरियाणा की चर्चित महिला पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। विनेश के ओलम्पिक का टिकट कटाने पर अब ताऊ महाबीर फोगाट ने भी प्रतिक्रिया दी। साथ ही भाजपा सांसद और पूर्व कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तीखा तंज भी कसा है।
द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महाबीर फोगाट ने अंतरराष्ट्रीय रेसलर विनेश फोगाट के ओलम्पिक में क्वालीफाई करने पर प्रतिक्रिया देते हुए जहां डब्ल्यूएफआई के पूर्व प्रधान ब्रजभूषण पर कटाक्ष किया वहीं, कहा कि चोट के खामियाजे का भुगतान विनेश बेटी पेरिस ओलम्पिक में गोल्ड जीतकर पूरा करेगी। महाबीर ने कहा कि बृजभूषण ने रेसलरों के साथ अन्याय किया। वहीं, बेटियों ने भी साबित कर दिया कि वे चले हुए कारतूस नहीं हैं। बेटी विनेश हीरा है और तीसरी बार उसने ओलम्पिक क्वालीफाई कर रिकॉर्ड बनाया है। अब बेटी विनेश पेरिस ओलम्पिक में गोल्ड जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
द्रोणाचार्य अवार्डी और बलाली निवासी दंगल गर्ल बहनों के पिता महाबीर फोगाट ने अपने अखाड़े में खेलप्रेमियों के साथ चर्चा करने के बाद मीडिया से बात की। महाबीर पहलवान ने कहा कि बृजभूषण सिंह ने महिला रेसलरों के आंदोलन के दौरान चले हुए कारतूस बताया था। आज उन्हीं बेटियों ने ओलम्पिक क्वालीफाई कर साबित कर दिया है कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं।
महाबीर फोगाट ने कहा कि कोर्ट पर पूरा भरोसा है और बेटियों को न्याय मिलेगा। विनेश अब ओलम्पिक में अपना दम दिखाते हुए गोल्ड पर कब्जा करके नया रिकॉर्ड बनाएगी। बेटी विनेश के ओलम्पिक क्वालीफाई होने पर परिवार और देश में खुशी का माहौल है। बता दें कि विनेश फोगाट लगातार केंद्र सरकार और बृजभूषण सिंह पर निशाना साध रही थी। साक्षी मलिक की तरह इन्होंने भी महिला पहलवानों से छेड़छाड़ के आरोप भाजपा सांसद पर लगाए थे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स