हैदराबाद के खिलाफ गरजा जैक फ्रेजर मैकगर्क का बल्ला

ठोका इस आईपीएल का सबसे तेज पचासा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
दिल्ली कैपिटल्स के धाकड़ बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विरोधी टीम के गेंदबाजों को निशाना बनाते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया। यह इस आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक है। इसी के साथ उन्होंने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ दिया। दोनों ने 16-16 गेंदों में पचासा ठोका था। 
दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2024 का 35वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में सनराजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 266 रन बनाए। हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड और शाहबाज अहमद ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली के लिए जेक फ्रेजर-मैक्गर्क ने विस्फोटक प्रदर्शन किया। उन्होंने दमदार पचासा ठोका।
मैकगर्क ने आईपीएल 2024 का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। इसके लिए उन्होंने मात्र 15 गेंदों का सहारा लिया। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड इस मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। दोनों ने 16 गेंदों का सहारा लिया। 22 वर्षीय बल्लेबाज ने इस मुकाबले में 18 गेंदों में 65 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 361.11 के स्ट्राइक रेट से पांच चौके और सात छक्के लगाए।
मैकगर्क का आईपीएल डेब्यू 17वें सीजन में हुआ। उन्होंने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ अपने पहले मैच में 55 रनों की पारी खेली थी। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक है। इसी के साथ वह दिल्ली के लिए सबसे तेज फिफ्टी ठोकने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में क्रिस मॉरिस और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। 

रिलेटेड पोस्ट्स