पहलवानी में हरियाणा की छोरियों का बजा डंका

ओलम्पिक क्वालीफायर, एशियाई चैम्पियनशिप ट्रायल में दिखाया दम
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
हाल ही हुए ओलम्पिक क्वालीफायर और एशियाई चैम्पियनशिप ट्रायल में हरियाणा की पहलवान बेटियों ने धाक जमा दी। चयनित पहलवानों में सभी खिलाड़ी हरियाणा से ताल्लुक रखती हैं। ओलम्पिक कोटा के लिए सभी भार वर्ग में हरियाणा की पहलवानों ने ही जीत दर्ज की है। 
कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली विनेश फोगाट ने 50 किलो भार वर्ग में जहां जीत दर्ज की वहीं अन्य भार वर्ग में भी हरियाणा की पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। कुश्ती में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सदैव प्रदेश के पहलवानों का दबदबा रहा है। देश ही नहीं विदेशों में भी हरियाणा के पहलवानों का डंका बजता रहा है। प्रदेश के युवा पहलवान अंतरराष्ट्रीय फलक पर नाम चमका रहे हैं। सोमवार को पटियाला में हुए ट्रायल में भी हरियाणा की पहलवान छाई रहीं।
ओलम्पिक क्वालीफायर में यह भार वर्ग लेंगे भाग 
चयनित पहलवानों में से दोनों ओलम्पिक क्वालीफायर प्रतियोगिता के महिला वर्ग में पहले स्थान पर रही 50, 57, 62, 68 व 76 किलो भार वर्ग की पहलवान भाग लेंगी। वहीं सीनियर एशियन कुश्ती प्रतियोगिता में ओलम्पिक भार वर्ग में दूसरे स्थान पर रही पहलवान भाग लेंगी। ऐसे में 57 किलो में सोनीपत की सरिता, 62 किलो में रोहतक की मनीषा, 68 किलो में हिसार की राधिका व 76 किलो में रोहतक की प्रिया मलिक एशियन चैम्पियनशिप में भाग लेंगी।
इन पहलवानों को मिला ओलम्पिक टिकट
विनेश फोगाट (सोनीपत, 50 किलो), अंजू (हिसार, रेलवे से खेलती हैं 53 किलो), तमन्ना (रोहतक, 55 किलो) अंशु मलिक (जींद, 57 किलो) मानसी (रोहतक, रेलवे से खेलती हैं, 62 किलो), अंतिम (रोहतक, 65 किलो), निशा (रोहतक, रेलवे से खेलती हैं 68 किलो) हर्षिता (हिसार, 72 किलो), रितिका (रोहतक, सेना की तरफ से खेलती हैं 76 किलो) शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स