हरियाणा स्टेट हॉकी में सोनीपत ने लगाई खिताबी तिकड़ी

हॉकी बेटियों ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में लहराया परचम
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
हरियाणा स्टेट वूमेन हॉकी चैम्पियनशिप में सोनीपत की टीम ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के फाइनल में हिसार की टीम को हराया और खिताब की हैटट्रिक लगायी। यह पहला अवसर है जब सोनीपत की टीम ने एक साथ तीनों खिताब अपने नाम किये हैं। 
दोनों टीमों में कई ओलम्पियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेल रही थीं। चैम्पियनशिप के समापन पर जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किये। हिसार में आयोजित हरियाणा स्टेट वूमेन हॉकी चैम्पियनशिप के सब जूनियर वर्ग के फाइनल में सोनीपत की बच्चियों ने प्रभावशाली खेल के बूते हिसार को 1-0 के अंतर से शिकस्त दी। जूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में सोनीपत ने रोमांचक मुकाबले में हिसार को 3-2 से हराया। बुधवार सायं हुए सीनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में हिसार को 2-1 से हराते हुए गोल्ड मेडल जीतकर खिताबी हैटट्रिक लगा दी। सोनीपत की ओर से भारतीय टीम की तीन सदस्य एवं ओलम्पियन नेहा, निशा वारसी और शर्मिला भी खेल मैदान में थीं। वहीं हिसार की ओर से भी कई ओलम्पियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेल रही थीं। मगर पलड़ा सोनीपत का भारी रहा।
प्रीतम सिवाच स्पोर्ट‍्स प्रमोशन फाउंडेशन, सोनीपत की अध्यक्ष एवं भारतीय टीम की पूर्व कप्तान द्रोणाचार्य अवॉर्डी प्रीतम सिवाच, उपाध्यक्ष एवं भारतीय टीम के पूर्व सदस्य कुलदीप सिवाच, सचिव अरविंद कुमार, हॉकी फेडरेशन के पदाधिकारी सुनील मलिक ने शानदार जीत के लिए सोनीपत की टीम को बधाई दी है।

रिलेटेड पोस्ट्स