भारतीय पैरालम्पिक समिति का निलम्बन रद्द

खेल मंत्रालय ने लिया निर्णय
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
खेल मंत्रालय ने मंगलवार को भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) पर लगाए गए निलंबन को रद्द कर दिया। मंत्रालय का यह फैसला पैरालम्पिक पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया को अध्यक्ष चुने जाने के बाद आया। दरअसल, पिछले महीने मंत्रालय ने समिति की चुनाव प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के बाद पीसीआई को निलम्बित करने का आदेश दिया था। मंत्रालय ने कहा कि यह भारतीय पैरालम्पिक समिति के संविधान और खेल संहिता दोनों का उल्लंघन है।
खेल मंत्रालय ने बताया था कि 28 मार्च 2024 को चुनाव कराने का पीसीआई का निर्णय उसके संविधान और खेल संहिता दोनों का उल्लंघन करता है, जो पदाधिकारियों के कार्यकाल की समाप्ति से कम से कम एक महीने पहले चुनाव कराना अनिवार्य करता है। चुनाव के संचालन में जानबूझकर देरी के कारण निलंबन हुआ। सरकारी परिपत्र और खेल संहिता के अनुसार, संविधान में निर्धारित चुनाव कराने में विफलता या सरकारी दिशानिर्देशों का अनुपालन न करना निलंबन का आधार है। मंत्रालय ने खेल संघों में सुशासन और जवाबदेही मानकों को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
मंत्रालय ने निलंबन को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए कहा, "चूंकि चुनाव प्रक्रिया उस स्तर पर पहुंच गई है जहां नामांकित उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से विधिवत निर्वाचित माना गया है, साथ ही महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि पीसीआई 06-15 मार्च, 2024 तक 2024 विश्व शूटिंग पैरा स्पोर्ट विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। पीसीआई के निलम्बन को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

रिलेटेड पोस्ट्स