चण्डीगढ़ यूनिवर्सिटी ने जीता महिला कबड्डी का खिताब

टीम में सभी खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश की रहीं शामिल
खेलपथ संवाद
बद्दी(सोलन)।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के कबड्डी वर्ग में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने स्वर्ण पदक जीता है। यूनिवर्सिटी की ओर से खेलने वाली सभी खिलाड़ी हिमाचल की रहीं। सभी खिलाड़ी नालागढ़ के राजपुरा स्थित खेलो इंडिया सेंटर में प्रशिक्षण ले रही हैं। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने इस मुकाबले को 33-31 से जीता। साक्षी शर्मा को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। 
असम के गुवाहाटी में हुई खेलो इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मैच चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और महाराष्ट्र की भारतीय विद्यापीठ के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। अंतिम रेड तक मुकाबला किसी के पक्ष में जा सकता था, लेकिन चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की कप्तान साक्षी शर्मा ने अंतिम रेड में अंक लेकर टीम को विजेता बनाया।
सिरमौर के शिलाई के रहने वाले साक्षी शर्मा के नेतृत्व में अंकिता चंदेल, तनवी लूकटा, शानवी, कृतिका, प्रिया, लूना, शिवानी ठाकुर, रिद्धम, शगुन नायक, महक चंदेल और अनिशा टीम में शामिल रहीं। यह सभी खिलाड़ी नालागढ़ के राजपुरा स्थित खेलो इंडिया कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा के कोच संजीव ठाकुर ने बताया कि खेलो इंडिया में पूरे देश की आठ टीमों ने क्वालीफाई किया। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने पहली बार क्वालीफाई किया। इस टीम में सभी हिमाचल की महिला खिलाड़ी थीं। पहली बार चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की टीम ने गोल्ड जीता। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर खेल के लिए बधाई दी।
खेलो इंडिया विवि स्पर्धा में मुक्के बरसाएंगी श्रीतिमा
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड, एमएड प्रशिक्षण संस्थान नोगली की छात्रा श्रीतिमा ठाकुर खेलो इंडिया विश्वविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगी। श्रीतिमा ने विश्वविद्यालय स्तर पर कई मेडल जीते हैं। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक विकास भी जरूरी है। श्रीतिमा ठाकुर की इस उपलब्धि के लिए उन्होंने 5,100 प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की। वर्तमान सत्र 2022-2024 में कुल मिलाकर 35 प्रशिक्षु छात्र और छात्राओं ने टेट, सीटेट, नेट और जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण की। डॉ. शर्मा ने परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं को 2,100 रुपये प्रोत्साहन राशि और प्रशंसा-पुरस्कार देने की घोषणा की। 

रिलेटेड पोस्ट्स