एमपी में खिलाड़ियों के लिए नये समय का शंखनाद

सीएम मोहन यादव ने कहा- मध्य प्रदेश बनेगा नम्बर वन
सभ्य समाज की स्थापना के लिए खिलाड़ी और खेल मैदान जरूरीः विश्वास सारंग
खेलपथ संवाद
भोपाल।
आज खिलाड़ियों के नए समय का शंखनाद हुआ है, अब मध्य प्रदेश पूरे देश में सबसे आगे जाएगा। वह जमाना गया जब हमारे खिलाड़ी ओलम्पिक से खाली हाथ लौटते थे। नई शिक्षा नीति में हमने खेल को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है यह ऐतिहासिक कदम है। यह बातें मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश ओलम्पिक संघ द्वारा समन्वय भवन में आयोजित सम्मान समारोह में कहीं।
मुख्यमंत्री ने ओलम्पिक संघ को सीएम फंड से 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर खेल मंत्री विश्वास सारंग और नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजय वर्गीय शामिल हुए। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि निश्चित रूप से खिलाड़ी और खेल मैदान किसी भी सभ्य समाज की स्थापना के लिए बहुत जरूरी है। खेल के माध्यम से ही समाज को जोड़ा गया है। उस समय की सरकारों ने नौकरी, शिक्षा, व्यवसाय को इस तरह से डिजाइन किया था कि लोगों को लगता था खेलों से करियर नहीं बनेगा। इसलिए कहावत चलती थी कि पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब। मगर अब बदलाव आया है और अब खेलों में लोगों की रुचि बढ़ी है। युवाओं का इसमें करियर बन रहा है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जो जीता वही सिकंदर की लाइनों में, मैं थोड़ा सुधार करना चाहता हूं, जो जीता वो विनम्र। सिकंदर बन जाता है तो कालर खड़ी हो जाती है और इसके बाद कभी नहीं जीतता। इसलिए जब-जब जीत हासिल हो उतना विनम्र बनें।

रिलेटेड पोस्ट्स