राष्ट्रीय खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात: रेखा आर्य

उत्तराखंड के सभी खेल प्रशिक्षकों को मिलेगा पांच का पंच
खेलपथ संवाद
देहरादून।
उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों की शानदार मेजबानी को तैयार है। प्रदेश को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलना गौरव की बात है लिहाजा इसमें किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। यह बातें उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने जवाबदेह अधिकारियों से कहीं। खेल मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को राष्ट्रीय खेलों की सभी तैयारियां तय समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, पहली बार राज्य राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। राष्ट्रीय खेल इसी साल अक्टूबर-नवम्बर माह में प्रस्तावित हैं।   
खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि उत्तराखंड में इस साल होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए 500 खेल प्रशिक्षकों को पांच के पंच का लक्ष्य दिया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा, इसके लिए विभाग की ओर से काॅन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसका शुभारम्भ करेंगे।
खेल मंत्री ने कहा, राष्ट्रीय खेलों से पहले विभाग के सभी प्रशिक्षकों को रिफ्रेशर कोर्स कराया जाएगा, उन्हें नई तकनीकी के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए इसी महीने काॅन्क्लेव कराया जाना है। 21 व 22 फरवरी को इसकी संभावित तिथि तय की गई है। बैठक में मंत्री ने कहा, राष्ट्रीय खेलो का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रदेश के खिलाड़ी अधिक से अधिक पदक लेकर आएं, इसके लिए अधिकारियों को कोच को तैयार करने के लिए कहा गया है। राष्ट्रीय खेलों के लिए सभी की जिम्मेदारी तय की गई है। इसके लिए अभी से अधिकारियों को आयोजन से संबंधित तैयारियां जल्द से जल्द पूरी करने के लिए कहा गया है। बैठक में सचिव अमित सिन्हा,निदेशक जितेंद्र सोनकर, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
यह है पांच का पंच
राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों को पदक के लिए तैयार किया जा सके, इसके लिए विभाग की ओर से हर कोच को पांच खिलाड़ी तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। एक कोच को पांच खिलाड़ियों को तैयार करने के लक्ष्य को विभाग की ओर से पांच का पंच कहा गया है।

रिलेटेड पोस्ट्स