अर्जुन अवॉर्डी हॉकी खिलाड़ी वरुण कुमार की मुश्किलें बढ़ीं

दो दिन पहले डीएसपी बने, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय हॉकी टीम के डिफेंडर अर्जुन अवॉर्डी वरुण कुमार पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता ने ज्ञानभारती पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ पॉक्सो के तहत शिकायत दर्ज कराई है। वरुण पर आरोप है कि उन्होंने शादी का झांसा देकर नाबालिग से कई बार दुष्कर्म किया।
महिला ने बताया कि 2019 में जब वह वरुण से मिली थी तब उसकी उम्र 17 वर्ष थी। उसकी मुलाकात हॉकी खिलाड़ी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई। इस दौरान वरुण स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) में ट्रेनिंग ले रहे थे। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जालंधर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। दरअसल, वरुण रहने वाले हिमाचल प्रदेश के हैं, लेकिन रहते जालंधर में हैं।
इस मामले में पुलिस का कहना है, 'वरुण भाग रहे हैं। उनकी तलाश जारी है।' पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता ने बताया कि भारतीय खिलाड़ी जब भी बेंगलुरु आता था तब वो उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। अब पीड़िता की उम्र 22 वर्ष है, लेकिन दोनों के बीच पहली मुलाकात तब हुई थी जब वह 17 वर्ष की थी। हिमाचल के रहने वाले वरुण हॉकी के लिए कुछ वर्षों पहले पंजाब आ गए थे। उन्होंने भारत के लिए 2017 में डेब्यू किया। 2022 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने रजत पदक भी जीता था। इसके अलावा 2022 में हुए एशियन गेम्स में वह गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे। टोक्यो ओलम्पिक्स 2020 में भारत की कांस्य पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे।
बता दें कि वरुण को दो दिन पहले ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नियुक्ति पत्र सौंपा था। उन्हें पंजाब पुलिस में डीएसपी बनाया गया। वरुण पर लगे आरोपों पर बात करते हुए उनके पिता ब्रह्मानंद ने मामले की जानकारी से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटे से बात नहीं हो पा रही है, उनका फोन बंद है। पिता ने कहा, "मुझे नहीं पता ये क्या मामला है। वरुण का फोन बंद चल रहा है। उससे बात करने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा कि मामला क्या है। वरुण फिलहाल ओडिशा में भारतीय हॉकी टीम के कैंप में गया हुआ है। उससे बात होने के बाद मामला क्लियर हो पाएगा।"

रिलेटेड पोस्ट्स