हरियाणा की बेटियों ने जीता खेलो इंडिया यूथ गेम्स का हॉकी खिताब

फाइनल में मध्य प्रदेश को 1-0 से हराया,विजेता टीम की आठ खिलाड़ी सोनीपत की
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की बालिका हॉकी का खिताब हरियाणा ने जीता। हरियाणा ने बेहद कांटे के फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश टीम को 1-0 से पराजित किया। विजेता टीम में प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी सोनीपत की आठ खिलाड़ी शामिल रहीं। प्रदेश सरकार द्वारा एस्ट्रोटर्फ मैदान उपलब्ध नहीं कराने के बावजूद इन खिलाड़ियों ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसकी बदौलत हरियाणा की टीम महिला हॉकी प्रतियोगिता की विजेता बनी।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2024 की महिला हॉकी प्रतियोगिता का खिताब हरियाणा के नाम रहा। हरियाणा की टीम ने पहले मुकाबले में पंजाब को 10-0 से हराया। जिसमें कणिका सिवाच और साक्षी राणा ने दो-दो गोल का योगदान दिया था। दूसरे मुकाबले में झारखंड को 4-3 से, तीसरे में उड़ीसा को 2-1 से हराते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इस मुकाबले में साक्षी राणा व कणिका ने एक-एक गोल किया था। सेमीफाइनल में हरियाणा ने मिजोरम को 7-4 से हराया। इसमें साक्षी राणा ने तीन व रितिका गहलोत ने एक गोल किया था। फाइनल में हरियाणा का मुकाबला मध्य प्रदेश की टीम से हुआ। रोमांचक मुकाबले में हरियाणा की टीम ने मध्य प्रदेश को 1-0 से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
द्रोणाचार्य अवॉर्डी एवं कोच प्रीतम सिवाच ने बताया कि हरियाणा की टीम पहले भी यह खिताब अपने नाम कर चुकी है। खिलाड़ियों को दो वर्षों से अभ्यास करने के लिए एस्ट्रोटर्फ मैदान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जबकि सरकार से लेकर प्रशासन तक इस बारे में अनेकों बार मांग कर चुके हैं। बेहतर खेल सुविधाओं के अभाव में भी महिला व पुरुष हॉकी खिलाड़ी प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स