दक्षिण एशियाई सवात चैम्पियनशिप में यूपी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए चार स्वर्ण सहित जीते 12 पदक

खेलपथ संवाद

लखनऊ। 21 और 22 जनवरी को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर 56, चंडीगढ़ में आयोजित दूसरी दक्षिण एशियाई सवात (फ्रेंच बॉक्सिंग) चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कमाल का प्रदर्शन किया और चार स्वर्ण सहित कुल 12 पदक जीते।

उत्तर प्रदेश सवात एसोसिएशन के सचिव के.बी. पंत ने बताया कि दक्षिण एशियाई सवात चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों शैलेश कुमार मिश्रा, यश कुमार यादव, मनोज कुमार तथा  काव्या श्रीवास्तव ने स्वर्णिम सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में  शैलेश कुमार, विकास कुमार सिंह, राघवेंद्र यादव, कोमल गुप्ता ने रजत पदक तथा अंकित कुमार दुबे, आयुष मौर्य, साहित्य श्रीवास्तव, बिंदु कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

गौरतलब यह कि इस प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश सवात एसोसिएशन के सचिव के.वी. पंत को भारतीय टीम का प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही सदन कुमार यादव को टीम मैनेजर तथा बिन्दु कुमारी को कोच नियुक्त किया गया था। इनके प्रयासों से भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में धाक जमाई। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश सवात एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज दीक्षित, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रचना गोविल, कोषाध्यक्ष कमल जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

रिलेटेड पोस्ट्स